जिला स्तरीय अहिंसा एवं कौमी एकता सम्मेलन 29 को

सफल आयोजन के लिए कलक्टर ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
उदयपुर, 28 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा अनुमोदित 100 दिवसीय कार्य योजनान्तर्गत जिला स्तरीय अहिंसा एवं कौमी एकता सम्मेलन गुरुवार, 29 फरवरी को नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच पर आयोजित होगा। जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंजीयन एवं अल्पाहार 9 से 10 बजे तक तथा उद्घाटन सत्र 10 बजे से 10.45 बजे तक आयोजित होगा। वहीं प्रथम व्याख्यान 10.45 से 11.30 बजे तक, द्वितीय व्याख्यान 11.30 से 12.15 बजे तक और तृतीय व्याख्यान 12.15 से 1 बजे तक आयोजित होगा। इसी प्रकार चतुर्थ व्याख्यान 2 बजे से 2.45 बजे तक, पंचम व्याख्यान 2.45 बजे से 3.30 बजे तक व षष्टम व्याख्यान 3.30 बजे से 4.15 बजे तक आयोजित होगा और समापन सत्र व प्रमाण पत्रों का वितरण 4.15 बजे से 5 बजे तक किया जाएगा।

असम के राज्यपाल 29 को उदयपुर में
उदयपुर, 28 फरवरी। असम के राज्यपाल श्री गुलाबचंद कटारिया गुरुवार 29 फरवरी की शाम 7.20 बजे वायुयान से उदयपुर आएंगे। वे रात्रि विश्राम निज आवास पर करेंगे। राज्यपाल श्री कटारिया शुक्रवार 1 मार्च को सुबह 10 से 11 बजे तक स्थानीय कार्यक्रम में शरीक होंगे और दोपहर 1 बजे गोगुन्दा पहुंचेगे तथा वहां आयोजित देवास परियोजना के तृतीय एवं चतुर्थ चरण का शिलान्यास समारोह में भाग लेंगे। वे कार्यक्रम पश्चात पुनः उदयपुर पहुंचेंगे और शाम 7.30 बजे वायुयान से दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।

कस्तूरबा गांधी महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम 5 मार्च को
कलक्टर ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व

उदयपुर, 28 फरवरी। मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदित 100 दिवसीय कार्ययोजना के तहत कस्तूरबा गांधी महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम 5 मार्च को नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच पर आयोजित होगा। इस संबंध में जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने एक आदेश जारी कर विभिन्न अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी नियुक्त करते हुए आयोजन से जुड़े दायित्व सौंपे है और संबंधित कार्यों का समय पर निष्पादन करते हुए समन्वय से कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए है।

आश्रयहीन, असहाय, लावारिस, प्रभु स्वरूप पीड़ित मुक्त राजस्थान अभियान
उदयपुर संभाग मुख्यालय पर आज व कल पात्रजनों को करेंगे रेस्क्यू

उदयपुर, 28 फरवरी। ‘‘आश्रयहीन, असहाय, लावारिस, प्रभुस्वरूप पीडित मुक्त राजस्थान अभियान’’ का शुभारंभ राजस्थान के समस्त 7 संभागों पर एक साथ किया जा रहा है। यह अभियान अपना घर आश्रम भरतपुर तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जायेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि उदयपुर संभाग मुख्यालय पर 29 फरवरी से 1 मार्च 2024 तक, प्रतापगढ़ व डूंगरपुर में 2 व 3 मार्च, चितौड़गढ़ राजसमंद एवं बांसवाड़ा में 4 व 5 मार्च को अभियान चलाकर पात्रजनों को रेस्क्यू किया जायेगा। इस संबंध में संस्था द्वारा जारी  हेल्पलाइन नंबर 7412061028 पर आम सूचना दी जा सकती है। आश्रम में लाये जाने वाले व्यक्तियों को आवास, चिकित्सा, भोजन के साथ जीवन यापन की सभी आवश्यकताएं संस्था द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
भटनागर ने बताया कि उदयपुर संभाग मुख्यालय पर एम्बुलेंस टीम में केयर टेकर, मेडिकल कर्मी, महिला केयर टेकर होंगे जो 29 फरवरी एवं 1 मार्च को पात्रजनों को रेस्क्यू करेगी। संस्था द्वारा राजस्थान राज्य में 22 अपना घर आश्रमों का संचालन किया जा रहा है। रेस्क्यू होने वाले प्रभजनों को नजदीकी आश्रमों में भेजा जाएगा, वहां स्थान कम होने या गंभीर बीमार होने की स्थिति में भरतपुर आश्रम भेजा जायेगा। इस समाचार के माध्यम से आमजन से अपील है कि पात्र असहाय, बीमार, आश्रयहीन, लावारिस व्यक्तियों की सूचना हेल्पलाइन नम्बर 7412061028 पर दे कर मानवता की सेवा में सहयोग करे।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के अन्तर्गत 18 वर्ष से अधिक उम्र के असहाय, लावारिस, बीमार, प्रभजनो को रेस्क्यू किया जा सकेगा। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा राज्य के समस्त जिला कलक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, मुख्य/प्रमुख चिकत्सिाधिकारियों को पत्र जारी कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश प्रदान किये है।

डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की अवधि 31 मई तक बढ़ाई
उदयपुर, 28 फरवरी। राज्य सरकार द्वारा राजस्थान सिविल पेंशनर द्वारा जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 मई तक बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त निदेशक पेंशन भारती राज ने बताया कि संभाग के जिन पेंशनर्स ने अब तक डिजिटल प्रमाण-पत्र नहीं बनवाये, वे पेंशनर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में प्रातः 10ः30 से शाम 4ः30 बजे तक उपस्थित होकर अपना डिजीटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवा सकते है। उदयपुर जिले के बाहर के पेंशनर संबंधी कोषालय या ई-मित्र से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवा सकते हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!