उदयपुर । शहर के सूरजपोल क्षेत्र में मंगलवार सुबह अनहोनी होने से टल गर्इी। क्षेत्र में रामा फायर के सामने एक तीन मंजिला भवन में आग लग गई। इसके टॉप फ्लोर पर किराए पर रह रहे कॉलेज के स्टूडेंट्स ने पानी गर्म करने के लिए विद्युत रॉड लगाई लेकिन उसे बंद करना भूल गया। तेजी से गर्म रॉड फट गई और कमरे में आग लग गई। क्षेत्र के लोगों ने जब मकान की तीसरी मंजिल से आग की लपटें बाहर निकलते देखी तो मकान मालिक को तत्काल सूचित किया।
सूचना पर दमकल दल और नजदीकी सूरजपोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बीस मिनट के प्रयास में आग बुझा ली गई। दमकल दल तथा पुलिस ने तीसरे मंजिल के उस कमरे को खंगाला, जहां आग लगी, वहां जब कोई व्यक्ति नहीं मिला तो राहत की सांस ली। हालांकि कमरे में रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया था। जिसमें फर्नीचर, टीवी, कपड़े तथा अन्य सामान था। मकान मालिक ने किराए पर रह रहे स्टूडेंट को बुलाया तब उसने बताया कि वह जल्दबाजी में पानी गर्म करने के लिए रॉड लगाकर गया था लेकिन भूल गया था।
इधर, पुलिस एवं दमकल दल के अधिकारियों का कहना है कि सर्दी में लोग घरों में हीटर, रॉड, गीजर आदि नियमित रूप से उपयोग करते हैं। किन्तु उनको काम पर लेने के बाद लापरवाही नहीं बरते। बीते दिनों में प्रदेश में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें लापरवाही के चलते लेागों की जान तल चली गई। गीजर, रूम हीटर तथा पानी गर्म करने की रॉड लगाते समय अपने मोबाइल में पंद्रह से बीस मिनट का अलार्म लगाकर रखें।
गर्म पानी की रोड बंद करना भूले, लगी भीषण आग
