बच्चों से मारपीट व राशन सामग्री बाजार में बेचने के आरोप, लवीना सेवा संस्थान का मामला
उदयपुर। जिले के ओगणा क्षेत्र में अनाथ बच्चों के लिए काम करने वाली लवीना सेवा संस्थान विवादों में आ गई है। बच्चों से मारपीट कर प्रताड़ित करने, खाना नहीं खिलाने और संस्थान को मिलने वाले राशन को बाजार में बेचे जाने की शिकायत सामने आई है। इन्हीं परेशानी के चलते शनिवार को स्कूल गए दस बच्चे छुट्टी होते ही भाग निकले, जिन्हें रविवार देर रात डिटेन किया गया था। इन सभी बच्चों को सीडब्ल्यूसी सदस्य अंकुर टांक के समक्ष पेश किया गया। जहां बच्चों की काउंसलिंग की गई। इसके दौरान बच्चों ने शिकायत करते हुए कहा कि लवीना सेवा संस्थान के संचालक और उनके सहयोगी बच्चों के साथ मारपीट करते और उन्हें भरपेट खाना तक नहीं खिलाते। साथ ही संस्थान में आने वाले राशन को भी संचालक बाजार में बेच देते हैं। लगातार चली आ रही प्रताड़ना के चलते वह संस्थान छोड़कर भाग निकले। इधर, जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। आरोप साबित पाए जाने पर संस्थान को ब्लैक लिस्टेड कर सभी सुविधाएं बंद की जा सकती हैं। जबकि सभी बच्चों को दूसरे संस्थान में शिफ्ट किया जा सकता है।
अनाथ बच्चों के लिए काम करने वाला संस्थान विवादों में
