उदयपुर। सराड़ा थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर पनपे प्रेम के बाद धोखा खाई युवती ने केलुपोश मकान में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
सराड़ा थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि उदई फला बलुआ में एक युवती ने घर मे फंदा बनाकर अपनी जान दे दी है। मामले की जानकारी के बाद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं और देखा कि 18 वर्षीया कांता पुत्री मोहनलाल मीणा ने रात्रि के समय अपने केलूपोश मकान के अंदर रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी है।
पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को कब्जे में लेकर सराड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज करके मृतका का पोस्टमार्टम करवाया गया। जिसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पिता ने रिपोर्ट में शक जाहिर किया है कि उनकी बेटी की सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हो गई और लम्बे समय से दोनों आपस में बात भी करते थे।
बीते कुछ दिनों से युवक ने युवती को धोखा दे दिया, जिससे दोस्ती में धोखा खाई युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी । पुलिस ने युवती का मोबाइल जब्त करके अनुसंधान शुरू कर दिया है।
इंस्टाग्राम पर पनपे प्रेम में मिले धोखे के बाद युवती ने दी जान
