असम के मुख्यमंत्री की चित्तौड़गढ़ में सभा
उदयपुर। जब तक इस धरती पर सूरज रहेगा तब तक सनातन रहेगा। इस देश में भी अब पुनः सनातन जाग उठा है। कांग्रेस मुस्लिमों की बात करती है, तब तुष्टीकरण नही होता है लेकिन भाजपा हिन्दुओं की बात करती है तो तुष्टीकरण की राजनीति कहा जाता है। यह बात असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक हेमंता बिस्व सरमा ने चित्तौड़गढ़ विधानसभा के बस्सी क्षेत्र में गुरूवार शाम को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
राजस्थान देश को दशा व दिशा दिखाता है
भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक नरपतसिंह राजवी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि राजस्थान देश को दशा व दिशा दिखाता है। राजस्थान देश को जोड़ता है और देश के हर क्षेत्र में राजस्थानियों ने नाम कमाया है। राजस्थान की इस वीर धरा ने ही सिखाया है कि बाबर और औरंगजेब से कैसे लड़ा व जीता जाता है। इस धरा से महाराणा प्रताप, दुर्गादास, रानी पद्मिनी ने हमें बहुत सीख दी है। उन्होने डबल इंजन सरकार बनाने व भाजपा को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि राजस्थान की भव्य विजय लोकसभा व राज्यसभा का रास्ता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने पर कोई पेपर लीक नही होगा तथा लाखों युवाओं के रोजगार का सृजन होगा।
कांग्रेस की सोच सनातनी कभी नही रही
सरमा ने कहा कि जब—जब सनातन जागता है तब तब बाबर औरंगजेब लोग देश छोडकर भाग जाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी, राणा प्रताप, दुर्गादास राठौड के रहते औरंगजेब जैसे कभी सुल्तान नही बन पाए। रामलला का मंदिर बना, बाबर लोग गायब। धारा 370 बनी, बाबर लोग गायब। कांग्रेस की सोच बाबर व औरंगजेब के लिए रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब तक तुष्टीकरण की राजनीति करती रहेगी तब तक मैं भी सनातन के लिए बोलता रहूंगा।
गांधी परिवार पर कटाक्ष
सरमा गांधी परिवार पर भी कटाक्ष करने से नही चूके और कहा कि राम मंदिर का निर्माण देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू नही बनवा पाए। इमरजेन्सी लगाने वाली ताकतवर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी राम मंदिर नही बनवा पाई। राजीव गांधी भी राम मंदिर नही बनवा पाए। देश में कांग्रेस नही होती तो बाबर व औरंगजेब जैसे लोग काफी पहले समय भी देश को खाली कर देते।
गहलोत सरकार ने गड्डी बिछाने का काम किया
पेट्रोल-डीजल व गैस के दामों का उदाहरण देते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी आडे हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में गहलोत सरकार ने पांच साल जब काटने वाली सरकार चलाई है। गहलोत सरकार ने जितना दिया है उससे ज्यादा तो राजस्थानियों की जेब से वसूल किया है।
यह संस्कृति हमें स्वीकार नही
उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकाण्ड की चर्चा करते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि सर तन से जुदा की संस्कृति तो पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान की है। इस तरह की भाषा और संस्कृति हमारी नही है। मैंने भी मेरी जिन्दगी में पहली बार ऐसा काण्ड देखा है। ऐसी संस्कृति व भाषा हमें स्वीकार नही है। उन्होंने कहा कि ऐसा यदि असम में होता तो पांच मिनिट में हिसाब बराबर कर देते।
जब तक सूरज रहेगा, सनातन रहेगा – हेमंता बिस्वा
