-हजारों लोगों के साथ निकाली बाइक रैली, समाज के हर वर्ग के लोगों ने लिया हिस्सा
-भूपेश बघेल ने कहा उदयपुर और राजस्थान का बदलेगा रिवाज, आयेगी कांग्रेस

उदयपुर। गुरुवार को चुनाव प्रचार का शोर खत्म हो गया. चुनाव प्रचार खत्म होने से पूर्व उदयपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने अपनी ताकत दिखायी. उन्होंने हजारों लोगों के साथ चेतक सर्कल से लेकर हिरण मगरी तक की लंबी रोड शो की. इस रोड शो में करीब 2000 बाइक व सैकड़ों चार पहिए वाहन सवार लोगों ने हिस्सा लिया. इस रोड शो में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने रोड शो में उदयपुर के लोगों का जहां अभिवादन स्वीकार किया, वहीं उन्होंने रोड शो शुरू होने से पूर्व एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव भाजपा के माथे पर बल ला देगा. कहा कि छत्तीसगढ़ में इस बार कांग्रेस को 75 से अधिक सीटें आ रही है. जबकि मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में भी कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक पार्टी नहीं बल्कि एक सोच और एक विचारधारा है. साथ ही कांग्रेस को कमजोर व गरीब वर्ग का सबसे बड़ा हितैषी करार दिया. कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही वह पार्टी है जो वह कहती है उसे करती है. कहा कि प्रधानमंत्री ने 2 करोड़ लोगों को हर साल रोजगार देने की बात कही थी, 15 लाख रुपये देने की बात कही थी. लेकिन किसी के खाते में भी 15 लाख रुपये नहीं आए. लेकिन राजस्थान में कांग्रेस ने चुनाव से पूर्व राजस्थान के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए चिरंजीवी योजना के तहत 25 लाख रुपये का इलाज फ्री में कराने का वादा किया था. उसे पूरा किया. कांग्रेस ने ही 500 रुपये में गैस सिलेंडर के वायदे को अक्षरश: पूरा किया. कांग्रेस ने ही मनरेगा के जरिये गरीबों को रोजगार की गारंटी दी तो युवाओं को विभिन्न सेक्टर में नौकरी दी. सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस की सौगात दी. उन्होंने उदयपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी प्रोफेसर गौरव वल्लभ को भारी मतों से जिताने की अपील की. रोड शो के समापन के अवसर पर हिरण मगरी में प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने अपने भाषण के माध्यम से जनसभा का समापन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि उदयपुर के लोगों को 20 वर्षों के कुशासन से मुक्ति दिलाने का वक्त आ गया है. 25 नवंबर को अपने पक्ष में वोट करने की अपील की.

प्रोफेसर गौरव वल्लभ हैं मिनिस्टर मटीरियल : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने काफी सोच विचार कर उदयपुर शहर सीट से प्रोफेसर गौरव वल्लभ जैसे विद्वान को उम्मीदवार बनाया. उनके विजन से ही उदयपुर का तेजी से सर्वांगिण विकास संभव है. इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रोफेसर गौरव वल्लभ राजस्थान विधानसभा में उदयपुर की बुलंद आवाज बनेंगे. कहा कि वे मिनिस्टर मटीरियल हैं. उनके चुनाव जीतने से उदयपुर का बेहतरीन विकास होगा.
सौगंध खाकर कहता हूं कि टाइमलाइन के साथ पूरा करूंगा सारे वायदे : गुरुवार की शाम प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि वे सिर्फ डेवलपमेंट के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं. उदयपुर फस्र्ट के नारे को बंलुद कर रहे हैं. उदयपुर में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट करने के साथ ही यहां के टूरिज्म इंटस्ट्री व माइनिंग इंडस्ट्री को मजबूत करेंगे. उदयपुर में फार्मा इंडस्ट्री की अपार संभावना है, इस क्षेत्र को विकसित करने के साथ ही युवाओं के लिए आइटी सेक्टर में रोजगार का सृजन करने का प्रयास किया जायेगा. साथ ही उदयपुर में हाईकोर्ट की स्थापना के लिए जनआंदोलन करने की बात कही. साथ ही पूर्व विधायक गलाब चंद कटारिया पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान उदयपुर से पासपोर्ट ऑफिस सरेंडर हो गया, लेकिन उसे रोकने के लिए किसी प्रकार की कोई पहल उन्होंने नहीं की. यह उदयपुर का दुर्भाग्य है कि उन्होंने जिसे वोट देकर जिताया, मंत्री तक बनाया लेकिन उन्होंने उदयपुर में विकास का कोई कार्य नहीं किया. झीलों में सीवरेज का गंदा पानी जाता है, लोगों को पीने के लिए स्वच्छ पेय जल नहीं मिल पाते हैं. उक्त तमाम समस्याओं का समाधान टाइम लाइन के भीतर करने का वचन दिया.

भाजपा के नेता और कार्यकर्ता अपने प्रत्याशी के कारनामे के कागज उपलब्ध करवा रहे : प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने कहा कि उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी ताराचंद जैन के उपर कभी भी किसी प्रकार का कोई निजी हमला नहीं किया. लेकिन उन्होंने उनकी जाति को लेकर गाली दी. बाबा तक बोल दिया. इससे वे काफी आहत हैं. साथ ही कहा कि उन्होंने किसी भी प्रकार के निजी हमले ताराचंद जैन के ऊपर नहीं किया. अगर चाहता तो उन्होंने किस प्रकार की जमीन पर अपने आशियाने बनाए हैं, इसके अलावा भी अन्य सभी उनके कारनामे को लेकर आक्षेप कर सकता था. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता ही उन्हें ताराचंद जैन के काले कारनामे से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध करवा रहे हैं. चुनाव जीतने के बाद उनके कारनामे की जांच करवाने की घोषणा की.
