‘‘निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सामूहिक उत्तरदायित्व‘‘

सामान्य एवं पुलिस प्रेक्षकों ने ली राजनैतिक दलों की बैठक
आपसी समन्वय से काम करने का आह्वान
उदयपुर, 9 नवंबर। विधानसभा आम चुनाव-2023 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपादित कराने को लेकर चुनाव आयोग की ओर से नियुक्त सामान्य एवं पुलिस प्रेक्षकों ने गुरूवार को कलक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक ली।
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक आईएएस प्रसन्ना रामास्वामी, आईएएस जसप्रीत सिंह, आईएएस डॉ. डी. सागर दत्तात्रेय तथा पुलिस प्रेक्षक आईपीएस श्रीमती शालिनी सिंह ने उदयपुर जिले में अब तक की चुनावी तैयारियों और राजनैतिक दलों की ओर से व्यवस्थाओं में मिल रहे सकारात्मक सहयोग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अन्य स्थलों के अनुभव की तुलना में उदयपुर में फिलहाल सब कुछ ठीक चल रहा है। प्रशासन के साथ-साथ राजनैतिक दलों और आमजन का भी आदर्श आचार संहिता की पालना में अच्छा सहयोग है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों के साथ अपने मोबाइल नंबर साझा करते हुए आचार संहिता उल्लंघन अथवा चुनाव व्यवस्था संबंधी किसी भी तरह की समस्या के लिए संवाद करने की बात कही। साथ ही कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सामूहिक उत्तरदायित्व है। इसमें प्रशासन, पुलिस के साथ ही राजनैतिक दलों और आम नागरिकों की सक्रिय भूमिका अनिवार्य है।
प्रारंभ में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन शैलेश सुराणा ने राजनैतिक दलों से समन्वय को लेकर की गई व्यवस्था तथा अब तक साझा सूचनाओं से अवगत कराते हुए सभी की ओर से सकारात्मक सहयोग मिलना बताया। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


कहीं कविताओं से मतदान का संदेश, कहीं दिलाई शपथ
मतदाता जागरूकता अभियान
उदयपुर, 9 नवंबर। विधानसभा आम चुनाव 2023 में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
नगर निगम की ओर से टाउन हॉल परिसर में संचालित दीपावली मेले में बुधवार रात हुई अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में भी मतदान का संदेश गूंजा। पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा सहित सभी आमंत्रित कवियों ने आमजन से 25 नवम्बर को मतदान करने का आह्वान किया। स्वीप प्रकोष्ठ सह प्रभारी पुनीत शर्मा व कवि राव अजातशत्रु ने भी कविताओं के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
उधर, स्वीप टीम झाडोल ने कोटडा में समस्त अधिकारी कर्मचारी के साथ शत प्रतिशत मतदान करने हेतु कार्य योजना पर चर्चा की। आमजन स्वीप पत्रक बांट कर मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। विधानसभा क्षेत्र खेरवाड़ा में पंचायत समिति नयागांव की ग्राम पंचायत भोमटा वाडा में नरेगा साइट पर उपस्थित श्रमिकों को शपथ दिलाई गई। ग्राम पंचायत गिर्वा में महिला मतदाताओं को विधानसभा चुनाव 2023 के संबंध में विभिन्न जानकारियां दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा एवं उपनिदेशक महिला अधिकारिता ने मतदान के लिए प्रेरित किया। मावली विधानसभा क्षेत्र के घासा में आयोजित मेले में भी अधिकारियों ने मतदान करने की अपील की। पोलिंग बूथ पर रंगोली सजाई गई। वल्लभनगर क्षेत्र में अंबा माता पशु मेले मेनार में भी मेलार्थियों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!