वंचित मतदाता 27 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
– 7 नवम्बर को जारी होगी पूरक मतदाता सूची
– जिला निर्वाचन अधिकारी ने की वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड करने
और मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील
उदयपुर, 26 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनाव-2023 में मतदान करने के लिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अंतिम अवसर है। जिले के वंचित मतदाता 27 अक्टूबर तक अपने बीएलओ के माध्यम से अथवा वोटर हैल्पलाइन एप के जरिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदन पर इस विधानसभा चुनाव में मतदान का अवसर नहीं मिलेगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष सुराणा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत समय-समय पर मतदाता सूचियों को अद्यतन किया गया। इस बार आयोग ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए इसमें 1 जनवरी, 1 अप्रेल, 1 जुलाई तथा 1 अक्टूबर चार तिथियां तय की थी। इन तिथियों तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके पश्चात गत 4 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया था। इसके बावजूद यदि कोई मतदाता वंचित रह गया हो तो उसके लिए एक अवसर और देते हुए 27 अक्टूबर तक आवेदन मांगे गए हैं। इन आवेदनों का 6 नवम्बर तक निस्तारण कर 7 नवम्बर को पूरक सूची जारी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे संबंधित बीएलओ के पास अथवा वोटर हैल्पलाइन एप के जरिए मतदाता सूची में अपने नाम की जांच कर लें। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके लोग यदि अभी भी मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित हैं तो वे बीएलओ अथवा एप के जरिए फॉर्म 6 भर कर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा यदि कोई मतदाता अपने पते में संशोधन कराना चाहे तो वह भी निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकता है। 27 अक्टूबर के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों को इन विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा सकेगा।
आरक्षित एसएसटी टीमों का प्रशिक्षण
उदयपुर, 26 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनाव- 2023 के मद्देनजर आरक्षित एसएसटी (स्टेटिक सर्विलेंस टीम) टीमों का प्रशिक्षण गुरूवार को जिला परिषद सभागार में हुआ। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी जितेंद्र ओझा ने प्रशिक्षणार्थियों को एसएसटी की संरचना, दायित्व आदि का प्रशिक्षण दिया। साथ ही उन्हें अपने कर्तव्य का निर्वहन पूर्ण गंभीरता से करने के निर्देश दिए।
चिकित्सालयों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां
– ओपीडी पर्ची पर दे रहे मतदान का संदेश
उदयपुर, 26 अक्टूबर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न माध्यमों से आमजन तक मतदान का संदेश पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने राजकीय अस्पतालों की ओपीडी पर्ची पर मतदान संदेश अंकित कराकर जनजागृति की मुहिम चलाई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर एच बामनिया ने बताया कि विधानसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदान के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से मतदाता जागरूकता गतिविधियां कराई जा रही है। 18 वर्ष से अधिक के नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है कि 25 नवंबर को अपने मतदान अधिकार का उपयोग अवश्य करें। सभी चिकित्सा संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक रोगी के ओपीडी पर्ची पर मुहर लगा कर संदेश दिया जाये। इसकी पालना शुरू कर दी गई है। सीएमएचओ डॉ बामनिया ने बताया कि उदयपुर और सलूंबर जिले में जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, 37 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 103 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन लगभग 23000 रोगी उपचार हेतु संस्थानों पर आते हैं। प्रत्येक रोगी के ओपीडी पर्ची पर मतदान अवश्य करें की मुहर लगा कर नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। चिकित्सा संस्थानों पर लगे टीवी पर भी संदेश प्रसारित किये जा रहे हैं। जागरूकता बैनर, पोस्टर, दीवार लेखन आदि द्वारा भी जागरूकता गतिविधियां करवाई जा रही हैं।
साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव से संबंधित सी विजिल एप के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसमें आचार संहिता के उलंघन होने पर सी विजिल एप से सीधे चुनाव आयोग को शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। शिकायत पर आयोग द्वारा 100 मिनट में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और शिकायत कर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
स्वैच्छिक सेवानिवृत्त के पेंशन प्रकरण ऑनलाइन भिजवाने के निर्देश
उदयपुर, 26 अक्टूबर। पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग, जयपुर के निर्देशानुसार उदयपुर संभाग के वर्तमान में स्वैच्छिक सेवानिवृत्त कार्मिकों के पेंशन प्रकरण ऑनलाइन आईएफपीएमएस 2.0 पर निस्तारित किये जा रहे हैं। अतिरिक्त निदेशक भारती राज ने समस्त विभागाध्यक्ष व कार्यालयाध्यक्षों को इस संबंध में अपने अधीन कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित कराने को कहा है। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर 2023 के पश्चात स्वैच्छिक सेवानिवृत्त होने वाने कार्मिक जिनका वेतन पे-मैनेजर से आहरित होता है, उनका पेंशन प्रकरण आईएफएमएस 3.0 पर ऑनलाइन भिजवाए, ताकि निर्देशानुसार पेंशन प्रकरणों का निस्तारण किया जा सकें।
