प्रताप गौरव केन्द्र – दुर्गानवमी पर होगा दुर्गा सप्तशती यज्ञ

-नियमित हो रहा है दुर्गा सप्तशती का पाठ
उदयपुर, 20 अक्टूबर। उदयपुर के प्रताप गौरव केन्द्र राष्ट्रीय तीर्थ में स्थित भक्ति धाम में विराजित चामुण्डा माता के समक्ष नियमित दुर्गा सप्तशती का पाठ हो रहा है। नवरात्रि स्थापना के साथ ही प्रतिवर्ष की परम्परानुसार शुरू हुआ यह पाठ नवरात्रि समापन तक चलेगा। दुर्गानवमी पर दुर्गा सप्तशती यज्ञ भी किया जाएगा।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि दुर्गानवमी पर 23 अक्टूबर को प्रातः वेला में दुर्गा सप्तशती यज्ञ में दुर्गा सप्तशती के सभी श्लोकों पर आहुतियां अर्पित की जाएंगी। पं. योगेश श्रीमाली के पौरोहित्य में मुख्य जजमान अशोक पुरोहित विधि-विधान से दुर्गा सप्तशती यज्ञ करेंगे। उन्होंने बताया कि यह यज्ञ विश्व शांति, भारत की प्रगति, भारत की सशक्तता की कामना को लेकर किया जा रहा है। इसी अवसर पर कन्या पूजन भी होगा। नौ कन्याओं व एक बटुक का परम्परानुसार विधिवत पूजन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भारतीय शास्त्रों में नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व माना गया है।

सक्सेना ने बताया कि नवरात्रि में नियमित रूप से दुर्गा सप्तशती का पाठ हो रहा है जो पं. हिम्मत गर्ग कर रहे हैं। भक्तिधाम में नियमित रूप से सेवा-अर्चना होती है और क्षेत्रवासी सुबह-शाम दर्शन व आरती में सम्मिलित होते हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!