शाही ट्रेन से उदयपुर पहुंचे सैलानी, रैड कारपेट बिछाकर किया स्वागत

पैलेस आॅन व्हील्स से आए 4 देशों के 60 पर्यटक
उदयपुर, 30 सितम्बर(ब्यूरो): देश की शाही ट्रेन ‘पैलेस आॅन व्हील्स’ शनिवार को उदयपुर पहुंची। उसमें आए सैलानियों का स्वागत शाही अंदाज से किया गया। सिटी स्टेशन पर उनके स्वागत में रैड कारपेट बिछाया गया। राजस्थानी लोक संगीत और नृत्य की प्रस्तुति ने उनकी खुशियां बढ़ा दीं। पैलेस आॅन व्हील्स से 4 देशों के 60 पर्यटक उदयपुर आए थे। जिन्होंने उदयपुर शहर और आसपास के ऐतिहासिक स्थलों को देखा और रात को द लीला पैलेस में लंच किया। रविवार को सभी पर्यटक इसी ट्रेन से जैसलमेर के लिए रवाना हो जाएंगे।
शाही ट्रेन इस सीजन के पहले फेरे पर है। शुक्रवार को वह चित्तौड़गढ़ पहुंची थी। वहां उन्होंने विजय स्तम्भ, मीरां मंदिर, चित्तौड़ दुर्ग के अलावा अन्य ऐतिहासिक स्मारकों को देखा। उसके बाद वह उदयपुर के लिए रवाना हो गई थी। शनिवार को ट्रेन के आने से पहले सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर इस शाही ट्रेन के सैलानियों के स्वागत के लिए राजस्थानी, विशेषकर मेवाड़ी परम्परा के तहत तैयारियों की गई थी। उनके लिए रैड कारपेट बिछाया गया। राजस्थानी गीतों की धुनों पर बैंड ने उन्हें थिरकने पर मजबूर कर दिया। उनका तिलक और फूलमाला पहना कर स्वागत किया गया। मेवाड़ी अंदाज के साथ उनका जोरदार स्वागत सत्कार किया गया।
उदयपुर के ऐतिहासिक नजारों को देखा
उदयपुर स्टेशन पर रॉयल वेलकम के बाद टूरिस्ट को साइट सीन के लिए लग्जरी बसों से ले जाया गया। उन्हें उदयपुर तथा करीबी क्षेत्र के प्राकृतिक नजारों के साथ ऐतिहासिक स्मारकों की सैर कराई गई। जिसके बाद सितारा होटल ‘द लीला पैलेस’ में लंच कराया गया। यह वही होटल है, जिसमें हाल ही अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा तथा आप सांसद राघव की शाही शादी हुई थी। उन्होंने सहेलियों की बाड़ी, फतेहसागर का साइट सीन, सिटी पैलेस जैसे पर्यटन स्थलों को देखा। बताया गया कि यह ट्रेन जैसलमेर के लिए रवाना हो जाएगी। बता दें कि शाही ट्रेन में अमेरिका, दुबई, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के 60 टूरिस्ट हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!