उदयपुर में राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष को गोली मारी, अस्पताल में भर्ती

बीएन यूनिवरसिटी में समाज का चल रहा था कार्यक्रम, आरोपी राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना का पूर्व जिलाध्यक्ष, लोगों ने पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले किया
उदयपुर। श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह सलाड़िया पर संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष ने गोली मार दी। कमर में लगी गोली के बाद उन्हें एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना उदयपुर के बीएन यूनिसरसिटी की है, जहां रविवार को समाज का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में श्री करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह सलाड़िया बतौर अतिथि मौजूद थे, जबकि हमलावर दिग्विजय सिंह भी मौजूद था। दिग्विजय सिंह को चार महीने पूर्व सलाड़िया ने संगठन के उदयपुर जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया था, जिससे वह बेहद खफा था। तब से दोनों के बीच कटुता चली आ रही थी। रविवार को कार्यक्रम के बाद जब नाश्ता के लिए सलाड़िया निकलने लगे, तभी मौका पाकर दिग्विजय सिंह ने उन पर फायर कर दिया। गोली उनके कमर में लगी। अफरा—तफरी के बीच लोगों ने एक तरफ सलाड़िया को संभाला तो दूसरी ओर दिग्विजय सिंह को भी दबोच लिया। जिसके साथ जमकर मारपीट की। उसके सिर में भी चोट लगी है। सलाड़िया को जहां एमबी अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, वहीं आरोपी का भी उपचार कराया गया है। पुलिस ने हमले के आरोपी दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
जान से मारने की नीयत से आया था आरोपी
पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव का कहना है कि सलाड़िया की हालत खतरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है। बताया गया कि आरोपी दिग्विजय सिंह जान से मारने की नीयत से आया था। जब सलाड़िया नाश्ता करने जा रहे थे, तब बात करने के बहाने उसने सलाड़िया को साइड में लिया और गोली मार दी। आरोपी पिछले 3 साल से श्री राजपूत करणी सेना में जिलाध्यक्ष था और चार महीने पहले सलाड़िया ने उसे जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया था। जिसके बाद से ही वह नाराज चल रहा था। हालांकि उसने प्रदेश पदाधिकारियों के सामने कभी खुलकर नाराजगी व्यक्त नहीं की, लेकिन रविवार को यूनिवर्सिटी में मौका पाकर प्रदेशाध्यक्ष पर फायरिंग कर दी। वर्तमान में आरोपी आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़ा हुआ था। हमले का कारण पद को लेकर विवाद है या अन्य कोई, इसको लेकर भी जांच जारी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!