उदयपुर, 7 जुलाई। पन्द्रहवीं विधानसभा का अष्टम् सत्र शुक्रवार 14 जुलाई को पुनः प्रारम्भ होने से जिला स्तर पर विधानसभा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जा रहा है।
जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के आदेशानुसार वर्तमान में जिला कलक्टर कार्यालय उदयपुर के परिसर में स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र (0294-2414620) में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन, बाढ नियन्त्रण कक्ष में नियुक्त कार्मिकों द्वारा अपने कार्य के साथ-साथ विधानसभा नियंत्रण कक्ष का कार्य भी संपादित करेंगे। इस आदेशानुसार कन्ट्रोल रूम के प्रभारी अधिकारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा (मो.न. 9829430220 ) रहेंगे।
स्वाधीनता दिवस समारोह-2023 की तैयारी बैठक 13 को
उदयपुर, 7 जुलाई। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के निर्देशानुसार आगामी स्वाधीनता दिवस समारोह-2023 के आयोजन की आवश्यक तैयारियां एवं जिला स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह के सफल आयोजन व कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारण हेतु आवश्यक बैठक जिला परिषद सभागार में 13 जुलाई को प्रातः 10.30 बजे आयोजित होगी। यह जानकारी एडीएम शहर प्रभा गौतम ने दी।
जनआधार में संशोधन के लिए पेंडिंग अपीलों की सुनवाई 10 से
उदयपुर, 7 जुलाई। जनआधार में संशोधन के लिए पेंडिंग अपीलों की सुनवाई 10 जुलाई से 14 जुलाई तक होगी। अतिरिक्त जिला जन आधार योजना अधिकारी भंवर लाल आमेटा ने बताया कि जिन परिवार या व्यक्तियों ने अपने जनआधार कार्ड में एक बार से अधिक नाम, जाति, लिंग एवं जन्म दिनांक में संशोधन हेतु जिला कलक्टर को जनआधार में संशोधन के लिए अपील की थी, वे व्यक्तिगत रूप से अपील संबंधित मूल दस्तावेज व एक-एक फोटोकॉपी के साथ निर्धारित अवधि में कार्यालय समय में जिला कलक्ट्रेट परिसर के कमरा नम्बर 246 में उपस्थित होकर जनआधार अपील का निस्तारण करा सकते है।
सिन्धी बाजार औषधालय में निःशुल्क डायबिटीज जांच आज व स्वर्ण प्राशन शिविर कल
उदयपुर, 7 जुलाई। आरोग्य समिति द्वारा राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय सिंधी बाजार में शनिवार 8 जुलाई को प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक निःशुल्क मधुमेह (डायबिटीज) जांच शिविर तथा रविवार को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक 6 माह से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए निशुल्क स्वर्ण प्राशन संस्कार शिविर का आयोजन होगा। यह जानकारी प्रभारी अधिकारी वैद्य शोभालाल औदीच्य ने दी।
सीएमएचओ ने सीएचसी परसाद का किया निरीक्षण
उदयपुर, 7 जुलाई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर बामणिया ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसाद का औचक निरीक्षण किया। सीएमएचओ ने वार्ड में भर्ती मरीजों से चिकित्सालय में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली व निःशुल्क जांच, निःशुल्क दवा एवं चिरंजीवी बीमा योजना के अंतर्गत भर्ती होने पर सरकार द्वारा 25 लाख रुपए तक निशुल्क उपचार की जानकारी दी। सीएमएचओ ने पूरे परिसर का जायजा लिया। प्रत्येक कक्ष का निरीक्षण कर कमियों को बताया एवं कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसाद के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ने स्वागत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी विभागों की जानकारी दी व निरीक्षण करवाया।
सीएमएचओं ने निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरबर का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएचसी मोडी पर पौधा रोपण किया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रागिनी अग्रवाल, बीसीएमओ कुलदीप लोहार सहित संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
जिले में तम्बाकू मुक्त ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पारित किये गए
उदयपुर, 7 जुलाई। निरोगी राजस्थान अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर में संचालित टोबेको फ्री युथ केम्पेन के तहत सम्पूर्ण जिले में तम्बाकू के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर बामनिया ने बताया कि सभी खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया था कि ग्राम स्तरीय जन सुनवाई में सभी ग्राम स्तरीय अधिकारी और कार्मिक उपस्थित होंगे, उनकी उपस्थिति में तम्बाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य पर दुष्प्रभावों की जानकारी साझा की जाए, इसी निर्देशन के तहत कई ग्राम सभा में तम्बाकू मुक्त ग्राम पंचायत हेतु प्रस्ताव पारित किये गए। जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ प्रणव भावसार ने बताया कि ग्राम सभा में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान नहीं करने, ग्राम पंचायत में स्थित स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और अन्य स्वास्थ्य केंद्र को धूम्रपान रहित क्षेत्र घोषित करने के निर्देश दिए। साथ ही गावो में किसी भी दुकानदार द्वारा कोटपा अधिनियम के तहत 18वर्ष से कम आयु के बच्चो को तम्बाकू पदार्थ नहीं बेचने और दूकान पर इन तम्बाकू पदार्थो के विज्ञापन नहीं लगाने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
मुमताज मसीह 10 को उदयपुर में
उदयपुर, 7 जुलाई। स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केंद्र के अध्यक्ष मुमताज मसीह सोमवार 10 जुलाई को अपराहन 3 बजे उदयपुर पहुंचेंगे। वे शाम 4ः30 बजे उदयपुर सर्किट हाउस में प्रेस मीट करेंगे और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे। श्री मसीह मंगलवार 11 जुलाई की सुबह 9 बजे डूंगरपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
उद्यान विभाग के दो अधिकारी निलंबित
उदयपुर, 7 जुलाई। राज्य सरकार के आदेशानुसार उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. लक्ष्मी कुंवर राठौड और कृषि अधिकारी पर्वत दान चारण को निलंबित कर दिया गया है। उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ अतर सिंह मीना ने बताया कि दोनों अधिकारियों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा 6 जून को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 एवं 109 भारतीय दंड संहिता में पंजीबद्ध किया गया। यह प्रकरण अनुसंधानरत है, ऐसी स्थिति में दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए निलंबन काल में इनका मुख्यालय कृषि आयुक्तालय जयपुर में रहेगा।
