चित्तौड़गढ में मगरमच्छ ने किया महिला का शिकार

बेड़च नदी में पांव धो रही थी कि अचानक आया मगरमच्छ खींच ले गया, कई घंटों की तलाशी में नहीं मिला शव ?
उदयपुर। चित्तौड़गढ़ जिले के बिलिया गांव में रविवार शाम एक मगरमच्छ ने महिला को शिकार बना लिया। वह बेड़च नदी में पांव धो रही थी कि अचानक आया मगरमच्छ उसे खींचकर पानी में ले गया। कई घंटों तक सिविल डिफेंस की टीम ने महिला को तलाशा लेकिन वह नहीं मिली। माना जा रहा है कि मगरमच्छ महिला को अपना निवाला बना चुका है। सोमवार को एक बार फिर महिला के शव की तलाश की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार घटना चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के बिलिया गांव की है। इसी गांव की नारायणी पत्नी शांतिलाल अन्य चरवाहों के साथ बकरियां तथा अन्य पशुओं को चराने नदी किनारे पहुंची थी। जहां शाम होने पर वह अपने पांव नदी किनारे बैठकर धो रही थी कि इसी दौरान आए मगरमच्छ ने महिला का पांव अपने मुंह में दबाया और गहराई में खींचकर ले गया। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। महिला के कपड़े और एक पैर की चप्पल बाहर ही पड़ी मिली।
महिला के मगरमच्छ का शिकार किए जाने की सूचना गांव में फैली तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सिविल डिफेंस की टीम ने महिला की तलाश शुरू की। अंधेरे में तलाश लिए जाने के कारण नाव और इंजन भी मंगवाए गए। रात गहराने तथा मौसम खराब होने पर उसकी तलाश का काम बंद करना पड़ा। माना जा रहा है कि मगरमच्छ ने महिला को अपना निवाला बना लिया। हालांकि उसकी तलाश का काम सोमवार को भी जारी रहेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!