उदयपुर। चित्तौड़गढ़ जिले के एक युवक ने पिछले दिनों ड्रीम-11 पर दो करोड़ की राशि जीत ली, लेकिन उसकी आईडी को हैकर ने हैक ही नहीं, बल्कि उसे फोन पर उसे आईजी में रजिस्टर्ड नंबर देने के लिए धमकाया जा रहा है। इसका मामला उसने चित्तौड़गढ़ के साइबर थाने में दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र के कसाराखेडी निवासी अनिल पुत्र नारायणलाल साहू ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसने गत दिनों ड्रीम 11 एप पर टीम बनाई थी। इसमें उसने 4 अप्रैल को डीएल वर्सेस जीटी के बीच हुए मैच में 49 रुपए वाला कॉन्टेस्ट ज्वाइन किया था। इसमें अनिल साहू को प्रथम स्थान मिला और उसे 2 करोड़ रुपए की राशि ड्रीम एप की आईडी में मिल गए थे। टैक्स कटने के बाद अनिल की आईडी में 1 करोड़ 40 लाख रुपए आए। इसमें से अनिल ने दो लाख 10 हजार रुपए निकाले थे। एप के वॉलेट में एक करोड़ 37 लाख 89 हजार 800 रुपए बाकी थे। इस नंबर से आईडी को रजिस्टर्ड कर रखा था। उस नंबर को किसी हैकर ने पोर्ट करवा लिया। हैकर के आईडी को पोर्ट करने से अब अनिल अपनी आईडी लॉगिन नहीं कर पा रहा, जिससे वह पैसा भी नहीं निकाल पा रहा। यही नहीं, हैकर अलग—अलग नंबरों से फोन करके उसे बार—बार धमकी दे रहा है। अनिल साहू ने बताया कि उसके ऐप को फिलहाल हैकर यूज कर रहा है।
चित्तौड़गढ़ जिले के युवक ने जीती दो करोड़ की राशि, हैकर ने आईडी हैक कर ली
