उदयपुर, 12 अप्रेल। इंदिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ को बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जिला कलक्टर ताराचंद मीणा व अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्रीमती प्रभा गौतम नेे हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
बड़गॉव बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में गांव एवं पंचायतों में इंदिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना के अन्तर्गत आर्थिक सहायता, माताओं एवं गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य, खान-पान संबंधी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत द्वितीय प्रसव वाली महिलाओं और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में पोषण की स्थिति को सुधारने के लिए सशर्त मातृत्व सहयोग दिया जाता है। इस अवसर पर महिला अधिकारिता उपनिदेशक संजय जोशी, सीडीपीओ गिर्वा श्रीमती सरोज देवपुरा, हरिप्रसाद आमेटा, मीना दशोरा, भारती गर्ग, यशी पालीवाल, श्याम श्रीवास्तव, लोकेश कृष्णावत, राजेश कुमार, स्वरूप देहरा आदि उपस्थित रहे
वाहन नंबर की नई सीरीज के लिए आवेदन आमंत्रित
उदयपुर, 12 अप्रेल। परिवहन विभाग की ओर से ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से वाहनों के इच्छित पंजीयन क्रमांक की नई सीरीज के लिए आवेदन आमंत्रित किए गये है। जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा ने बताया कि इच्छित पंजीयन क्रमांक प्राप्त करने के लिए कोई भी वाहन स्वामी परिवहन सेवा के ई-ऑक्शन पोर्टल पर चार पहिया (5 सीट से अधिक) वाहन हेतु नई सीरीज में पंजीयन क्रमांक 0001 से 9999 तक आवेदन किया जा सकता है। वहीं गैर परिवहन यान 5 सीट से अधिक के लिए नवीन सीरीज आरजे 27 सीआर रखी गई है।
–000–
बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला प्रशासन मुस्तैद
बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय निगरानी समिति का गठन
उदयपुर, 12 अप्रेल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के निर्देशों की पालना में अक्षय तृतीया व पीपल पूर्णिमा पर अबूझ सावा में संभावित बाल विवाह की प्रभावी रोकथाम के लिए जिला स्तरीय निगरानी समिति का गठन किया गया है। इस समिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष, जिला कलक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक, महिला अधिकारिता विभाग उपनिदेशक, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक व मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शामिल है। जिला मजिस्ट्रेट ताराचंद मीणा ने बताया कि यह समिति बाल विवाह के प्रभावी रोकथाम के लिए जिला स्तर पर पदस्थापित विभिन्न विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों के माध्यम से बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा जिले की कार्ययोजना तैयार करने, जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, जिले की निगरानी व वैधानिक प्रावधानों की अनुपालना सुनिश्चित करेगी।
जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों की पालना में अक्षय तृतीया व पीपल पूर्णिमा पर अबूझ सावा में संभावित बाल विवाह की प्रभावी रोकथाम के लिए जिला मजिस्ट्रेट ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इस टास्क फोर्स में जिला पुलिस अधीक्षक, जिला परिषद सीईओ व महिला एवं बाल विकास उपनिदेशक सदस्य होंगे जबकि बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक सदस्य सचिव होंगे। यह टास्क फोर्स बाल विवाह के प्रभावी रोकथाम के लिए जिला स्तर पर पदस्थापित विभिन्न विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों के माध्यम से बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रतिबंध संबंधी कार्यवाही करेगी।
फिटनेस जांच के सम्पूर्ण नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश
उदयपुर, 12 अप्रेल। उदयपुर परिवहन क्षेत्र में संचालित समस्त निजी फिटनेस केन्द्र यथा उदयपुर फिटनेस सेन्टर, फिटनेस सेन्टर, करणी फिटनेस सेन्टर एवं स्वर्ण फिटनेस सेन्टर की बैठक प्रादेशिक परिवहन अधिकारी पी.एल. बामनिया की अध्यक्षता में आयोजित हुईं। बैठक में फिटनेस सेन्टर्स के संचालकों को बिना टैक्स, बिना बीमा, बिना रिफ्लेक्टर के फिटनेस जारी नहीं करने तथा फिटनेस जांच के सम्पूर्ण नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाल वाहिनी एवं स्टैज कैरिज बसों की फिटनेस करते समय विशेष तौर पर वाहन को जांच कर बच्चों की सुविधा हेतु विन्डो रैलिंग, वाहन की सीटें, रिफ्लेक्टर, वाहन का रंग, लाईट, स्पीड गर्वनर, हॉर्न इत्यादि को विशेष तौर पर चैक करने के निर्देश दिए, इनके अभाव में वाहन की फिटनेस नहीं की जाए तथा इनकी पूर्ति के पश्चात ही फिटनेस जारी करें। इसके अतिरिक्त भार वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर पूरी साइज में लगाया जाना भी सुनिश्चित करें। आरटीओ ने कहा कि फिटनेस कार्य में किसी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संचालकों को नियमित रूप से फिटनेस सेन्टर संबंधी समस्त कागजात, वैलिडिटी उपकरणों के कैलिबरेान आदि के रिकॉर्ड भी अपडेट रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा एवं समस्त फिटनेस केन्द्रों के संचालक उपस्थित रहें।
बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक की काउंसलिंग आज
उदयपुर, 12 अप्रेल। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर के निर्देशानुसार राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर द्वारा बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक पद हेतु चयनित कार्मिक जिनको पदस्थापन हेतु उदयपुर जिला आवंटित किया गया है, की काउसलिंग गुरुवार 13 अप्रेल को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट कार्यालय में सुबह 9.30 बजे से आयोजित होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा माण्डावत ने बताया कि संबंधित अभ्यर्थी को अपने मूल दस्तावेज एवं निदेशालय के 3 अप्रेल के पत्रांक में अंकित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रजिस्ट्रेशन प्रातः 9.30 से 10.30 बजे तक कराना होगा। समय पश्चात उपस्थित कार्मिकों को वरियता का लाभ देय नही होगा। उन्होंने यह भी बताया कि निदेशालय का संबंधित पत्र, अस्थाई वरियता सूची, अस्थाई रिक्तियों की सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
