कमलेश का चाचा बोला—चढ़ा दो फांसी, काम ही ऐसा किया

मावली के लोपड़ा गांव में आठ साल की मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद शव को दस टुकड़ों में करने का मामला
उदयपुर। जिले के मावली क्षेत्र के लोपड़ा गांव में पिछले दिनों आठ साल की एक बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद उसके शव को दस टुकड़ों में काटकर फैंकने वाले आरोपी कमलेश के चाचा का कहना है कि ‘ काम ही ऐसा किया है, फांसी चढ़ा देनी चाहिए।’
उनका कहना था कि फांसी से कोई बड़ी सजा होती तो वह उसकी मांग करता। इनका तो एनकाउंटर कर देना चाहिए। वह भी एक मासूम बेटी के पिता है। जिस बालिका की हत्या की, वह भी उनकी बेटी के बराबर थी। मासूम के साथ जिस तरह का घिनौना काम कमलेश किया, उसका कलंक उनके परिवार से जुड़ चुका है। उसका कहना था कि कमलेश को बचाने की बजाय उसके माता—पिता ने भी उसका साथ दिया, उन्हें भी फांसी होनी चाहिए। वह और उसका परिवार अब उनके साथ किसी तरह का रिश्ता नहीं रखेगा, भले ही वह जमानत पर रिहा क्यों ना हो जाएं। उसने कहा कि वह काम के सिलसिले में गुजरात रहता है और पिछले कुछ दिनों से अपने मकान के निर्माण के सिलसिले में गांव में था। उसकी अपने बड़े भाई तथा परिवार से कम ही बात होती थी, जिसके चलते वह यह नहीं जानता था कि कमलेश किस तरह की सोच वाला युवा है। उन्हें इस बात का अफसोस है कि कमलेश उनके परिवार का सदस्य है।
इधर, भाजपा महिला मोर्चा ने उदयपुर में किया प्रदर्शन
दुष्कर्म और हत्या के आरोपी कमलेश को फांसी देने की मांग को लेकर शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा ने उदयपुर में जंगी प्रदर्शन किया। महिलाएं रैली के रूप नगर निगम प्रांगण से कलक्ट्रेट पहुंची, जहां पर प्रदर्शन कर गहलोत सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष अलका मूंदड़ा के नेतृत्व में महिलाओं ने जंगी प्रदर्शन कर हत्यारों को शीघ्र फांसी देने की मांग की। मोर्चा की शहर जिलाध्यक्ष कविता जोशी ने बताया कि मावली क्षेत्र में हुए जघन्य हत्याकांड के विरोध में मोर्चे की सैकड़ों महिलाएं नगर निगम प्रांगण पर एकत्रित हुई। यहां से सूरजपोल, बापू बाजार, देहलीगेट होते हुए कलक्ट्रेट पहुंची। पूरे रास्ते में महिला सदस्यों ने ‘गुडिय़ा’ के हत्यारों को फांसी दो फांसी दो…, गहलोत भगाओ गुडिय़ा बचाओ… जो सरकार निकम्मी है वो सरकार बदलनी है…, सरीखे गगनभेदी नारे लगाए। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला भी फूंका तथा चप्पल लेकर प्रदर्शन किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!