उम्र को नहीं बनने दिया बाधा, 80 वर्ष से अधिक उम्र के दो मरीजों की पैंक्रियाज कैंसर की सफल सर्जरी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

गीतांजलि हॉस्पिटल में डॉ. हेमंत जैन की टीम ने की जटिल सर्जरी, बुजुर्ग कैंसर मरीजों को मिली नई उम्मीद

उदयपुर। गीतांजलि हॉस्पिटल, उदयपुर के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 80 वर्ष से अधिक उम्र के पैंक्रियाज (अग्न्याशय) कैंसर से पीड़ित दो बुजुर्ग मरीजों की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की। यह ऑपरेशन वरिष्ठ गैस्ट्रो एवं पैंक्रियाज सर्जन डॉ. हेमंत जैन और उनकी टीम ने किया। सर्जरी में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अनुश जैन एवं उनकी टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

दोनों मरीजों को पैंक्रियाज कैंसर के साथ गंभीर पीलिया और पेट दर्द की शिकायत थी। अधिक उम्र और बीमारी की जटिलता के बावजूद विस्तृत जांच, उचित मरीज चयन, आधुनिक सर्जिकल तकनीक और बेहतर एनेस्थीसिया प्रबंधन के साथ दोनों ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए।

गैस्ट्रो एवं कैंसर सर्जरी की सबसे जटिल प्रक्रियाओं में शामिल : पैंक्रियाज कैंसर की यह सर्जरी व्हिपल प्रक्रिया (Whipple Procedure) के नाम से जानी जाती है। इसे गैस्ट्रो एवं कैंसर सर्जरी की सबसे जटिल सर्जरी में गिना जाता है। इसमें सामान्यतः 4 से 6 घंटे या उससे अधिक समय लग सकता है। इस ऑपरेशन में पैंक्रियाज के प्रभावित हिस्से के साथ पित्त की नली और छोटी आंत के कुछ हिस्सों को हटाकर पाचन तंत्र का पुनर्निर्माण किया जाता है। इसके लिए अत्यंत अनुभवी सर्जिकल टीम, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और कुशल एनेस्थीसिया एवं ICU प्रबंधन की आवश्यकता होती है। ऐसी उन्नत सर्जरी की सुविधा चुनिंदा विशेष केंद्रों पर उपलब्ध है।

अधिक उम्र सर्जरी में हमेशा बाधा नहीं : डॉ. हेमंत जैन ने बताया कि अक्सर 80 वर्ष से अधिक उम्र होने पर मरीज और उनके परिजन बड़ी सर्जरी कराने से डरते हैं। लेकिन केवल उम्र के आधार पर सर्जरी का निर्णय नहीं लेना चाहिए। मरीज की शारीरिक स्थिति, हृदय एवं फेफड़ों की कार्यक्षमता, अन्य बीमारियों और सर्जरी सहन करने की क्षमता का उचित मूल्यांकन जरूरी है। सही मरीज का चयन और अनुभवी टीम के साथ आधुनिक तकनीक से बुजुर्ग मरीजों में भी जटिल सर्जरी संभव है।

पेट एवं पाचन तंत्र के कैंसर का उन्नत उपचार अब उदयपुर में : गीतांजलि हॉस्पिटल, उदयपुर का गैस्ट्रो सर्जरी विभाग गॉलब्लैडर, पैंक्रियाज, लिवर, पित्त की नली, पेट और छोटी-बड़ी आंत के कैंसर सहित पेट एवं पाचन तंत्र की विभिन्न जटिल बीमारियों की सर्जरी नियमित रूप से कर रहा है। लैप्रोस्कोपिक, मिनिमली इनवेसिव एवं आवश्यकता के अनुसार ओपन सर्जरी की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इस उपलब्धि से दक्षिणी राजस्थान के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब पैंक्रियाज जैसे जटिल कैंसर के ऑपरेशन के लिए अहमदाबाद, जयपुर या दिल्ली जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें इस स्तर की सर्जिकल सुविधा गीतांजलि हॉस्पिटल, उदयपुर में ही मिल सकेगी।

कैंसर के लक्षणों को नजरअंदाज न करें : डॉ. हेमंत जैन ने आमजन को जागरूक करते हुए कहा कि बिना कारण भूख कम लगना, लगातार वजन घटना, पीलिया, पेट या पीठ में दर्द तथा पेट में गांठ महसूस होना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण होने पर समय रहते गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट या गैस्ट्रो सर्जन से परामर्श लेना चाहिए। कैंसर की समय पर पहचान और उचित उपचार से मरीजों को बेहतर परिणाम मिलने की संभावना बढ़ती है।

दोनों मरीजों और उनके परिजनों ने गीतांजलि हॉस्पिटल, उदयपुर एवं गैस्ट्रो सर्जरी विभाग की टीम पर भरोसा जताया। यह सफलता उदयपुर में उपलब्ध उन्नत चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञता और टीमवर्क का प्रमाण है। इससे विशेष रूप से उन बुजुर्ग कैंसर मरीजों को नई उम्मीद मिली है, जो अधिक उम्र के कारण जटिल सर्जरी कराने से हिचकिचाते हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!