रोड सेफ्टी एक्शन प्लान पर होगा प्रभावी अमल
18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष सबसे अधिक हो रहे सड़क हादसों का शिकार
स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लब बनाने पर जोर
उदयपुर, 16 नवम्बर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और इनमें होने वाली मौतों के आंकड़े में कमी लाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रभावी कदम उठाने की तैयारी की है। डिस्ट्रिक्ट रोड सेफ्टी एक्शन प्लान के तहत इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों के मामलों में 25 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलक्टर के निर्देशन में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट मिनी सभागार में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समिति के सदस्य सचिव एवं पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता अचल गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट रोड सेफ्टी एक्शन प्लान की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जिले में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन, यूडीए, नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा आधार फाउंडेशन से नारायणलाल उपस्थित रहे।
दुपहिया वाहन बन रहे सर्वाधिक दुर्घटनाओं का कारण
बैठक में सामने आया कि जिले में सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं दुपहिया वाहनों से हो रही हैं। इन हादसों में जान गंवाने वालों में अधिकांश 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष हैं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने, हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने और युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लब
एडीएम जितेंद्र ओझा ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को प्रत्येक विद्यालय में रोड सेफ्टी क्लब गठित कर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में दुपहिया वाहन लेकर आने वाले विद्यार्थियों के ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट की सघन जांच करने को कहा। नाबालिग विद्यार्थियों के वाहन चलाने के मामलों में अभिभावकों से समन्वय स्थापित कर समझाइश के निर्देश भी दिए।
स्टंट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एडीएम ने सड़कों पर दुपहिया वाहनों से स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाए, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वालों में कानून का भय रहे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को डिस्ट्रिक्ट रोड सेफ्टी एक्शन प्लान के अनुरूप ठोस कार्ययोजना बनाकर काम करने तथा विभागीय समन्वय से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयासों को गति देने के निर्देश दिए।
ब्लेक स्पोर्टस् दुरूस्त करने के निर्देश
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक के माध्यम से चिन्हित 53 ब्लेक स्पोर्टस् पर भी चर्चा की गई। एडीएम सिटी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को चिन्हित स्थलों पर आवश्यक रोड इंजीनियरिंग, संकेतक लगाने आदि कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिन्हित अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की भी समीक्षा करते हुए बकाया अतिक्रमण अति शीघ्र हटवाने के निर्देश दिए।
चिरवा टनल में आतिशबाजी करने वालों पर होगी कार्यवाही
गत दिनों दीपावली के अवसर पर चिरवा टनल में आतिशबाजी को लेकर वायरल वीडियो पर प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया है। एडीएम सिटी श्री ओझा ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को संबंधित वीडियो के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सुरंग में आतिशबाजी कर वाहनधारियों को परेशान करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा सख्त से सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
