संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण में बरतें गंभीरता

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक
विभागवार कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

उदयपुर, 16 नवम्बर। जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में हुई। बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए निस्तारित एवं लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई।

एडीएम प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) एवं प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) स्तर पर लंबित शिकायतों के साथ ही विभिन्न आयोगों से प्राप्त प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से इन मामलों में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा अंतर विभागीय प्रकरणों के निस्तारण के लिए तैयार समीक्षा पोर्टल पर दर्ज मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। लंबित प्रकरणों में संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय के साथ शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

पंच गौरव कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा
बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। एडीएम प्रशासन ने पंच गौरव कार्यक्रम के नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक सांख्यिकी पुनीत शर्मा से कार्यक्रम के तहत पिछले वर्ष जारी बजट की उपयोगिता तथा चालू वित्तीय वर्ष में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर होंगे कार्यक्रम
आगामी दिसंबर माह में राज्य सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। एडीएम प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!