जनजाति गौरव दिवस है, विकसित भारत की राह-डॉ मन्ना लाल रावत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मनीषी कहते हैं-स्व हमारा मूल है। इसे अस्मिता भी कहते हैं। अस्मिता का अर्थ है उज्ज्वल गौरव और आत्मसम्मान का संघनित स्वरूप। सृष्टि के किसी भी जीव की नैसर्गिक पहचान चाहे वह इकाई हो या बहुलक-कुटुम्ब, गोत्र, जाति, राष्ट्र या समुदाय से जुड़ी हो उसे प्रतिष्ठित, गौरवांवित या हीनता की प्रक्रिया में स्व या अस्मिता के अवयव अहम् भूमिका निभाते हैं। और तो और किसी संकट या सामुहिक संकल्प में यही संघर्ष की राह बनाते है। यह सहज धर्म होकर कर्मयोग में रूपांतरण की प्रवाह भी है। मानव जगत में इसे पुरूषार्थ भी कह सकते है। यही महापुरूषों के उत्थान एवं महानता का मूलाधार भी है। ऐसे ही महासंग्राम की एक गाथा है- धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की।
भारत के औपनिवेशिक कालखंड में 1857 के महासमर के अठारह वर्ष उपरांत 15 नवंबर, 1875 को आधुनिक झारखंड के खुंटी जिले के उलिहातु में जन्में बिरसा मुंडा ने, मात्र 25 वर्ष की आयु में भारत के आदि स्वभाव से स्वाभिमान, स्वधर्म, स्वराज व स्वदेश के लिए अपने प्राण न्योछावर का शंखनाद कर दिया। उनकी यह युवा क्रान्ति मात्र जल, जंगल और जमीन के लिए ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण प्रकृति अर्थात् उक्त के साथ जन व जगत के लिए भी थी, जिसमें राष्ट्रीय अस्मिता, स्थानीय संस्कृति एवं स्वजन परंपरा के बहुआयामी जागरण भी है। बिरसा भगवान की शिक्षाओं में सिंगबोंगा के देवलोक, व्रत में आस्था, तुलसी के गुणों से आयुर्वेद और परधर्म के विपरीत स्वधर्म को स्वीकारने का आग्रह सनातन तत्वों को उजागर करता है।
धरती आबा की ‘उल्गुलान’ क्रांति हुंकार में ‘टोपी टोपी, साहेब एक’ की औपनिवेशिक रचना की सटीक व्याख्या के विरुद्ध उनका उद्घोष ‘अबुआ दिशुम रे अबुआ राज’ (अपनी धरती, अपना राज) स्वाभिमान का शाश्वत संदेश बन गया। इसमें राज के साथ ही अपने तंत्र व स्वशासन की रक्षा भी एक सूत्र था।
महानायक धरती आबा का उलगुलान तत्कालीन अंग्रेजी सत्ता व उनके पारितंत्र के विरुद्ध था जिसमें आंग्ल शासकों की ‘किल, कन्वर्ट और डिस्प्लेस’ सुविचारित पराभाव की युरोपीय नीति में भीषण अकाल, उनके लोगों द्वारा ग्रामीण जन का शोषण और विदेशी व्यवस्था के विरोध से जन्मा। अपनी प्रकृति से अस्मिता के जीवंत तत्व की रक्षार्थ यह संघर्ष था। स्वदेशी आस्था बदल कर विदेशी रिलिजन में ले जाने के भी विरुद्ध। हां ! अपनी पुरखाई पूजा पद्धतियों में शिव बोंगा और चंडी बोंगा के प्रतिबंध का प्रतिकार भी। इस युग उद्धोष ने जहां एक ओर भगवान बिरसा मुंडा को मुंडा अस्मिता व राष्ट्रीय स्वराज का प्रतीक बना दिया, वहीं दूसरी ओर समाज ने युगसेवा की प्रतिमा मान कर उन्हें धरती आबा के रूप में पूजना आरंभ किया। भारत ने देखा-‘संभवामि युगे युगे’ का ईश्वरीय आश्वासन पुरा हो रहा है।
समाज गौरव से राष्ट्र उत्थान की राह
गौरवशाली गाथाओं से समाज में आत्मजागरण स्वतः ही होता है। राष्ट्रवाद की मूरत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती, 15 नवंबर, को ‘जनजाति गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का शासकीय निर्णय ऐतिहासिक ही है। वस्तुत: यह आत्मबोध से आत्मबल जागृत करने का महायज्ञ है। चमत्कार का विस्फोट ऐसे ही होता है।
1947 से 75 वर्ष बाद आजादी के अमृत कालखंड के इस गौरवशाली निर्णय ने विश्व के समक्ष यह स्पष्ट किया कि भारतवर्ष एक तिहाई से अधिक भूभाग पर निवासरत लगभग 13 करोड़ जनसंख्या वाले अपने जनजातीय समाज के राष्ट्रीय योगदान को मान्यता व सम्मान देता है। वैसे तो यह एक निर्णय अब तक की राष्ट्रीय व सांस्कृतिक वंचना के दुःखद युग का समापन था, जो कांग्रेस के खंडित चिंतन का परिणाम था। समाज ने माना ‘गौरव’ शब्द का समावेश इस बात का प्रतीक है कि अब जनजाति समाज को अपने प्रतीक, प्रतिमान, पहचान और प्रखरता पर गर्व करने के अधिकार को अब नई उड़ान मिल गई है। हमारे लोकतंत्र में ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का यह एक साक्ष्य बन चर्चित हुआ।
आज ‘जनजाति गौरव दिवस’ केवल एक दिन का उत्सव या सांस्कृतिक आयोजन नहीं रह गया है। यह गौरवशाली इतिहास व भारतीय ज्ञान परम्परा कोष के मौलिक तत्वों की चर्चा का भी उत्सव बन गया है। इससे हमारी एकता व अखंडता का प्रकटीकरण हो रहा है। अब नया भारत अपनी मूल चिंतन, प्राकृतिक जुड़ाव एवं सभ्यतागत निरंतर जड़ों को भी बड़ा सम्मान दे रहा है। यह जनजातीय अस्मिता के साथ ही राष्ट्रीय पुनर्जागरण का भी नवयुग है जिसमें ‘जैसी व्यष्टि, वैसी समष्टि’ के अनुरूप जीवन मुल्य, प्रेरणा पाथेय, समावेशी सोच, राष्ट्रवाद की विराट धाराओं की चर्चा करते हुए हम सभी राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप विकसित भारत @2047 के सुधार एक्सप्रेस के हमराही बन रहे हैं। नक्सलवाद को इतिहास में दर्ज कर संविधान सम्मत अधिकार सह कर्तव्यों का गायन करते हुए सबके प्रयास व सबके विश्वास को सुदृढ़ करते हुए 140 करोड़ भारतवासियों की आत्मनिर्भरता, परम वैभव व विश्व बंधुत्व के सामुहिक पथ पर चल पड़े हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!