‘अपनों से अपनी बात’ में जनक के स्वप्न से लेकर सारिपुत्र-मौद्गल्यायन के प्रसंगों से समझाया त्याग, करुणा और मध्यम मार्ग का महत्व
उदयपुर, 11 नवंबर। नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने सेवातीर्थ स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कथा में भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों से आत्मबोध, त्याग, करुणा और लोक कल्याण का संदेश दिया। उन्होंने ‘जनक का स्वप्न’ लोक-कथा से शुरुआत करते हुए भगवान बुद्ध के जन्म, बचपन, गृहत्याग, साधना, ज्ञान प्राप्ति और धम्म के प्रचार की यात्रा को प्रसंगों में प्रस्तुत किया।
अग्रवाल ने ‘जनक का स्वप्न’ लोक-कथा के माध्यम से बताया कि जीवन की परिस्थितियां स्थायी नहीं होतीं और सुख-दुख दोनों परिवर्तनशील हैं। इसके बाद लुंबिनी में सिद्धार्थ के जन्म, ऋषि असित की भविष्यवाणी और नामकरण, जन्म के बाद माता के निधन तथा महाप्रजापति गौतमी के स्नेह में हुए पालन-पोषण के प्रसंग सुनाए। बचपन की घटनाओं और सुख-सुविधाओं से भरे महल के जीवन के जरिए बताया कि बाहरी सुख के बावजूद मनुष्य के भीतर जीवन के सत्य को जानने की जिज्ञासा बनी रह सकती है।
‘चार दृश्य’ और ‘घर छोड़ने की रात’ के प्रसंगों में वृद्धावस्था, बीमारी, मृत्यु और संन्यासी को देखकर सिद्धार्थ के मन में उठे प्रश्नों तथा सत्य की खोज के लिए गृहत्याग का वर्णन किया। ‘राजगृह में राजा बिम्बिसार’, ‘दो गुरु’ और ‘उरुवेला की तपस्या’ के माध्यम से उनकी साधना और ज्ञान की तलाश को सामने रखा। वहीं ‘बोधिवृक्ष के नीचे’ तथा ‘सात सप्ताह का मौन और ब्रह्मा की प्रार्थना’ में ज्ञान प्राप्ति के बाद के चिंतन और लोकहित में अपने अनुभव साझा करने के निर्णय को समझाया।
धर्म का चक्र’ में मध्यम मार्ग, चार आर्य सत्य और अष्टांगिक मार्ग का संदेश दिया गया। ‘यश की कथा’ और ‘चलो, बहुतों के हित के लिए’ के प्रसंगों से धम्म के प्रसार तथा अधिक से अधिक लोगों तक कल्याणकारी विचार पहुंचाने की प्रेरणा बताई।
अग्रवाल ने कहा कि इन प्रसंगों का सार जीवन को समझने, परिस्थितियों में संतुलन बनाए रखने और अपने आचरण से दूसरों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करने में है। भगवान बुद्ध का जीवन हमें करुणा, संयम, विवेक और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। कथा में दिव्यांगों से संवाद भी किया गया। सैकड़ों की संख्या में देशभर से आए रोगी-परिजनों ने कथा श्रवण की।
