सुरों की मंडली का भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न;  संगीत, सम्मान और लकी ड्रॉ ने समारोह को बनाया यादगार

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

अशोका ग्रीन में शहर के संगीत प्रेमियों ने बिखेरे सुरमयी रंग, कई सदस्यों ने दीं शानदार प्रस्तुतियां

उदयपुर। सुरों की मंडली संस्था की ओर से आयोजित भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह अशोका ग्रीन में हर्षोल्लास, संगीत और पारिवारिक आत्मीयता के वातावरण में धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह में संगीत प्रस्तुतियों, सम्मान, आकर्षक लकी ड्रॉ, बेस्ट ड्रेस प्रतियोगिता और सदस्यों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में 42 गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से सुरों की महफिल सजाई। विशेष बात यह रही कि देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा और अंत तक सदस्यों का उत्साह बना रहा।

समारोह में संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि सुरों की मंडली केवल एक संगीत संस्था नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार है, जो संगीत के माध्यम से लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सभी सदस्यों के सहयोग और सहभागिता की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार मिल-जुलकर सांस्कृतिक आयोजन करने का आह्वान किया। सदस्यों ने अशोका ग्रीन में आयोजन की सुंदर व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए मुकेश माधवानी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की मुख्य आयोजक रीना राठौड़ ने बताया कि आयोजन में लगभग 42 गायकों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। सभी प्रतिभागियों को उपहार प्रदान करने और कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। उन्होंने कोर कमेटी, सहयोगकर्ताओं और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रेम भंडारी का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। डॉ. प्रेम भंडारी ने संस्था के इस पारिवारिक एवं सांस्कृतिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि संगीत के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।

समारोह के सहयोगकर्ता कुलदीप सोनी ने सात लकी ड्रॉ कूपन के प्रायोजन में विशेष सहयोग दिया। उन्होंने विजेताओं के लिए गोल्ड प्लेटेड कफलिंक्स उपहार स्वरूप उपलब्ध करवाए। संस्था की ओर से उनके सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया। इसी क्रम में रंजना भाटी एवं सी.पी. जैन ने भी सहयोग राशि प्रदान की, जिसके लिए संस्था ने उनका आभार जताया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं सम्मान समारोह

योगेश उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ धारा जी द्वारा भगवान गणेश की मनमोहक वंदना एवं नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात संगीत प्रस्तुतियों का शानदार सिलसिला शुरू हुआ।  बेस्ट ड्रेस प्रतियोगिता में महिला वर्ग से डॉ. हर्षा नेभनानी एवं नूतन वेदी और पुरुष वर्ग से एन.एल. विजयवर्गीय एवं विजय राजपूत को आकर्षक परिधानों के लिए पुरस्कृत किया गया। समारोह में सात लकी ड्रॉ कूपन के साथ दो विशेष कूपन भी निकाले गए। विजेताओं के नाम घोषित होते ही सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला।

आयोजन की सफलता में कोर कमेटी का विशेष योगदान

पूरे आयोजन की जिम्मेदारी सुरों की मंडली संस्था की कोर कमेटी ने सामूहिक रूप से संभाली। सी.पी. जैन एवं हीना पथिक ने मंच संचालन और समयबद्ध कार्यक्रम व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सी.पी. जैन, मोहन सोनी, अरुण चौबीसा एवं नूतन वेदी ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। योगेश उपाध्याय ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग किया। वहीं, नेहा वैष्णव ने भी आयोजन में सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कई गायकों की प्रस्तुतियों से सजी सुरों की महफिल

समारोह में धारा जी, विजय राजपूत, कमल जुनेजा, रमेश दतवानी, अखिलेश जोशी, वेणु जोशी, नूतन वेदी, सी.पी. जैन, सुगन जैन, एल.के. जैन, अरुण चौबीसा, मोहन सोनी, धर्मेंद्र नागदा, हेमंत सूर्यवंशी, संगीता गोस्वामी, निखिल माहेश्वरी, प्रीति माथुर, प्रकाश परसाई, दिव्या सारस्वत, विश्वप्रिया, नेहा वैष्णव, गीता राठौड़, नीलम पटवा, मेघा गोस्वामी, योगेश उपाध्याय, एन.एल. विजयवर्गीय, रीना राठौड़, विश्वा पंड्या, डॉ. हर्षा नेभनानी, गोपाल गोठवाल, गौरव स्वर्णकार, अंबालाल साहू, दिलीप सुराना, विश्वाप्रभा एवं मनोहर लाल मुखिया सहित कई सदस्यों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समारोह में संगीत और उत्साह का माहौल बनाए रखा। देर रात तक सदस्यों ने एक-दूसरे की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। समारोह के समापन पर सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सुरों की मंडली का यह आयोजन संगीत, सम्मान, सहयोग, सांस्कृतिक एकता और पारिवारिक आत्मीयता का सुंदर उदाहरण बना।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!