सोडावास रही उपविजेता, रोमांचक मुकाबले में दिखा खिलाड़ियों का दमखम
फतहनगर। तहसील मुख्यालय घासा में आयोजित श्री चामुंडा माता पशु मेले के तहत स्वर्गीय शंभूसिंह झाला स्मृति 32वीं ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक फाइनल के साथ समापन हुआ। तहसील कार्यालय परिसर स्थित वॉलीबॉल खेल मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में नाथद्वारा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोडावास को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि सोडावास उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान पर मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में नाथद्वारा ने फतह अकादमी तथा सोडावास ने तूस डांगियान को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
विजेता को 5100, उपविजेता को 3100 रुपये पुरस्कार
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मावली के निवर्तमान प्रधान नरेंद्र चंडालिया तथा विशिष्ट अतिथि रूपलाल डांगी, आजाद सिंह, सह-संयोजक गजेंद्र सिंह झाला, राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह झाला, संयोजक गणपत सिंह सोडावास एवं हिम्मत सिंह राव रहे। अतिथियों ने विजेता नाथद्वारा टीम को 5100 रुपये तथा उपविजेता सोडावास टीम को 3100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता सचिव विनोद पुरोहित ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं निर्विवाद रूप से संपन्न कराने में निर्णायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
निर्णायकों का किया सम्मान
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक एवं प्रारंभिक शिक्षा घासा ब्लॉक के शारीरिक शिक्षक वाकपीठ सचिव गोपाल मेहता मेनारिया, माध्यमिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ घासा ब्लॉक अध्यक्ष दिनपाल सिंह सारंगदेवोत तथा माध्यमिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ राजसमंद जिलाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह झाला ने विशेष सेवाएं देते हुए प्रतियोगिता का सफल संचालन कराया। आयोजन समिति की ओर से तीनों निर्णायकों का सम्मान किया गया।
