विचारों का प्रदूषण वायु प्रदूषण से भी अधिक खतरनाक – साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

परमात्मा पर अटूट विश्वास रखें, सकारात्मक सोच से जीवन बनेगा सुखमय
उदयपुर। वासुपूज्य मंदिर दादाबाड़ी में शनिवार को आयोजित नियमित प्रवचन में साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी आदि ठाणा-6 ने कहा कि विचारों का प्रदूषण वायु प्रदूषण से भी अधिक खतरनाक है। इससे बचने के लिए व्यक्ति को अपनी सोच सकारात्मक रखनी चाहिए और मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आचार्य देवचंद्र सूरीश्वर महाराज ने परमात्मा के प्रति अटूट भक्ति व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक भगवान मुझे अपना नहीं बना लेते, तब तक मैं उनका पल्ला नहीं छोड़ूंगा। भक्त को भी परमात्मा पर ऐसा ही विश्वास रखना चाहिए। सच्चे मन से प्रार्थना करें और मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य की कामना करें।
साध्वी श्री ने कहा कि व्यक्ति को अपनी बुद्धि का उपयोग दूसरों का नुकसान करने के बजाय अच्छे कार्यों में करना चाहिए। जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है, वह स्वयं भी उसमें गिर सकता है। उन्होंने कहा कि अपने कर्म पूरी निष्ठा से करें और परिणाम परमात्मा पर छोड़ दें।
उन्होंने जीवन में संवेदनशीलता का महत्व बताते हुए कहा कि जब हम कड़ाके की ठंड में कंबल ओढ़कर सोते हैं, तब फुटपाथ पर सोने वाले जरूरतमंदों का भी ध्यान आना चाहिए। जहां भी सुख मिले, वहां दूसरों की परिस्थितियों का विचार अवश्य करें। इस अवसर पर साध्वी प्रज्ञानजना श्रीजी, साध्वी नमन रुचि श्रीजी, साध्वी योगरुचि श्रीजी एवं साध्वी तन्मय रुचि श्रीजी ने भक्तिमय गीत प्रस्तुत किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!