‘एक दशहरा वरिष्ठजनों के साथ’ कार्यक्रम में गीत-संगीत, अपनत्व और सेवा की अनूठी मिसाल; वृद्धजनों के लिए दो आश्रमों में भोजन भी कराया प्रायोजित
उदयपुर। त्योहारों की खुशियां जब सेवा और संवेदनाओं के साथ बांटी जाती हैं, तो रिश्तों में अपनत्व की मिठास घुल जाती है। इसी भावना को साकार करते हुए रोटरी क्लब उदयपुर एलीट ने सेक्टर-14 स्थित श्रीमती कृष्णा शर्मा तारा वृद्धाश्रम में ‘एक दशहरा वरिष्ठजनों के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान क्लब सदस्यों ने वृद्धजनों को भजन और पुराने सदाबहार नगमे सुनाए। गीत-संगीत की इस महफिल में वरिष्ठजनों ने भी अपनी पसंद के गीत प्रस्तुत किए और बीते दिनों की यादें ताजा कीं।
कार्यक्रम का माहौल उस समय भावुक हो गया, जब वृद्धजनों ने क्लब सदस्यों के साथ अपनेपन के पल साझा किए। क्लब अध्यक्ष रमेश मोदी ने बताया कि वरिष्ठजनों का उत्साह और उनके चेहरों पर दिखाई दी खुशी सभी सदस्यों के लिए बेहद संतोषजनक रही। कार्यक्रम के समापन पर कई वृद्धजन भावविह्वल हो गए और क्लब सदस्यों को गले लगाकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने सदस्यों से दोबारा आने का आग्रह भी किया। वृद्धजनों का स्नेह देखकर क्लब के कई सदस्यों की आंखें भी नम हो गईं।
क्लब सचिव अनिता जैन ने बताया कि क्लब की ओर से दो आश्रमों में निवासरत वरिष्ठजनों के लिए एक समय के भोजन की व्यवस्था प्रायोजित की गई। क्लब के कुछ सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ बैठकर भोजन किया और उसकी गुणवत्ता की सराहना की। आश्रमवासियों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन इसी तरह अच्छा भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
क्लब सदस्यों ने आश्रम का अवलोकन कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सभी ने तारा संस्थान की अध्यक्ष कल्पना गोयल और सीईओ दीपेश मित्तल द्वारा वरिष्ठजनों की देखभाल एवं सेवा के लिए किए जा रहे निःस्वार्थ प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का संपूर्ण कार्यभार क्लब सदस्य पलाश वैश ने संभाला। इस अवसर पर रुचिका जैन, अंकिता मंत्री, डॉ. प्रियंका चोरड़िया, अंकिता वैश, पूनम मोदी, अक्षय जैन सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि वरिष्ठजनों को केवल सुविधाओं की ही नहीं, बल्कि प्यार, सम्मान और साथ की भी जरूरत होती है। उनके साथ बिताए गए कुछ पल भी उनके जीवन में खुशियों के रंग भर सकते हैं।
पुराने नगमों की महफिल में छलके आंसू, वरिष्ठजनों ने रोटरी एलीट सदस्यों को लगाया गले
