निर्भीक और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में नहीं हो लापरवाही- एसपी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पंचायती राज चुनाव-2026
निर्वाचन दायित्वों का पूर्ण संवेदनशीलता और गंभीरता से करें निर्वहन  – जिला निर्वाचन अधिकारी
प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना, गुरुवार को 10 पंचायत समिति क्षेत्रों में होगा मतदान
मतदान कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण
उदयपुर, 21 अक्टूबर। पंचायती राज चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत गुरुवार, 22 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण के पश्चात निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में मतदान दलों की रवानगी की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने मतदान एवं सुरक्षा कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना प्रत्येक कार्मिक का दायित्व – श्री अग्रवाल
नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार एवं फतह स्कूल परिसर में आयोजित मतदान कार्मिकों के अंतिम प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन का विशेष महत्व है। निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता में मतदान दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। प्रत्येक मतदान कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण संवेदनशीलता, गंभीरता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता की गुंजाइश नहीं है। मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। सभी कार्मिक अपने दायित्वों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्धारित प्रावधानों की पूरी जानकारी रखें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।  उन्होंने कहा कि मतदान दलों का आचरण पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी होना चाहिए। प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहें तथा मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए टीम भावना से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य के दौरान समयबद्धता, अनुशासन और सतर्कता का विशेष महत्व है। सभी मतदान दल निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।

भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करना सर्वाेच्च प्राथमिकता  – डॉ. दुहन
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने सुरक्षा कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायती राज चुनाव के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना तथा प्रत्येक मतदाता को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस एवं सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।  उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता भी अत्यंत आवश्यक है। सुरक्षा कार्मिक पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के साथ ही किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाए।   डॉ. दुहन ने निर्देश दिए कि  सुरक्षा कार्मिक अपने निर्धारित दायित्वों एवं तैनाती स्थलों के प्रति पूर्ण सजग रहें। मतदान के दौरान कानून एवं व्यवस्था प्रभावित करने अथवा मतदाताओं पर अनुचित दबाव डालने जैसी किसी भी गतिविधि के प्रति सतर्कता बरती जाए।

अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए दल
प्रथम चरण के मतदान को लेकर बुधवार को नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार तथा फतह स्कूल परिसर में मतदान कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा कार्मिकों को उनके दायित्वों के प्रति सजग किया गया।  प्रशिक्षण के उपरांत राजस्थान कृषि महाविद्यालय एवं पीएमश्री राजकीय फतह विद्यालय परिसर में बनाए अलग-अलग काउंटर से दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित की गई। इसके बाद दलों ने अपने-अपने आवंटित वाहनों से  संबंधित मतदान केंद्रों के लिए प्रस्थान किया।  इस दौरान अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन  दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, जिला परिषद सीईओ प्रीतम कुमार, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!