आवरी माता के जयकारों से गूंजा दशहरा महोत्सव, मध्यरात्रि बाद तक भजनों पर झूमे श्रद्धालु

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
महेंद्र सिंह राठौड़, हेमंत ब्रजवासी सहित भजन कलाकारों ने बांधा समां, ड्रोन से हुई पुष्पवृष्टि; देवीय झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
फतहनगर। नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ‘एक शाम आवरी माता के नाम’ विशाल भजन संध्या का आयोजन हुआ। भक्ति, संगीत और श्रद्धा से सराबोर इस संध्या में मारवाड़ के प्रसिद्ध भजन गायक महेंद्र सिंह राठौड़, इंडियन आइडल फेम हेमंत ब्रजवासी, संत प्रकाशदासजी महाराज, नितिन बागवान और सोनू सिसोदिया सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। आवरी माता के जयकारों और भजनों से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा तथा कार्यक्रम मध्यरात्रि के बाद तक चलता रहा।
 
माताजी के स्थानक और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन
भजन संध्या के लिए मंच के दाईं ओर आवरी माता का आकर्षक स्थानक सजाया गया। वहीं, दिल्ली से आई मेलड़ी माताजी, श्रीनाथजी और दुर्गा स्वरूप की झांकियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। सुसज्जित मंच, धार्मिक प्रतीकों और भक्तिमय वातावरण ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
 
इस अवसर पर नगर के विभिन्न देवीय स्थानकों से पहुंचे भोपाओं की मेला कमेटी की ओर से अगवानी कर सिरोपाव, उपरना और माताजी की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया गया। विभिन्न देवीय स्थानकों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का स्वरूप प्रदान किया।
पुजारी हीरालाल ने करवाई आरती, ड्रोन से बरसे फूल
आवरी माता शक्तिपीठ के पुजारी हीरालाल ने देवीय स्थानकों के भोपाओं की उपस्थिति में माताजी की आरती की। नगर पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत ने अपने पति राजेश चपलोत के साथ तथा उपाध्यक्ष श्रेया गर्ग ने अपने पति रौनक गर्ग के साथ आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और श्रद्धालुओं ने भी आरती में भाग लेकर धर्मलाभ लिया।
 
आरती के समय माताजी के जयकारों से वातावरण गूंजायमान हो उठा। विशेष आकर्षण के रूप में ड्रोन के माध्यम से माताजी के स्थानक पर पुष्पवृष्टि की गई। आसमान से बरसते फूलों और भक्तिमय संगीत के बीच श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। पूरा परिसर धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के रंग में रंगा रहा।
 
विनायक वंदना से शुरुआत, कलाकारों ने बांधा समां:
आरती के पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक महेंद्र सिंह राठौड़ ने विनायक वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ किया। भगवान गणेश और देवी-देवताओं की स्तुति से जुड़े भजनों के माध्यम से उन्होंने श्रोताओं को भक्ति भाव से जोड़ दिया। इसके बाद हेमंत ब्रजवासी ने अपनी सुमधुर आवाज और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
 
संत प्रकाशदासजी महाराज, नितिन बागवान और सोनू सिसोदिया सहित अन्य कलाकारों ने भी भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बनाए रखा। लोक संगीत, धार्मिक आस्था और सुरों के संगम ने इस संध्या को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का संचालन विनायक जोशी ने किया।
 
अतिथियों और जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता:
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जयप्रकाश बंसल तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान जिला मंत्री ऋतु अग्रवाल उपस्थित रहीं। ऋतु अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने वाला सराहनीय प्रयास बताया। नगर पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत ने ऋतु अग्रवाल के साथ आमजन के बीच बैठकर भजनों का आनंद लिया। जनप्रतिनिधियों का आम नागरिकों के साथ बैठकर भक्ति संगीत में सहभागी बनना आयोजन के आत्मीय वातावरण का परिचायक रहा।
 
इस अवसर पर सुनील डांगी, घनश्याम अग्रवाल, महेश सोनी, मुन्नालाल लावटी, सोहन मोर, राधेश्याम बागला, घनश्याम मंगल, रतन कुमावत, गोवर्धन खटीक, नारायण मोर सहित अन्य गणमान्य नागरिक और नगरपालिका के पार्षदगण मौजूद रहे।
 
नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ की ओर से आयोजित इस भजन संध्या ने दशहरा महोत्सव को धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सामाजिक सहभागिता के रंगों से सराबोर कर दिया। आवरी माता के जयकारों, कलाकारों की प्रस्तुतियों और श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के बीच सजी यह संध्या नगरवासियों के लिए यादगार बन गई।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!