हिरणमगरी कल्लाजी चौराहे पर आज होगा भव्य रावण दहन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

—मेवाड़ी परंपरा के साथ रामलीला कलाकारों को विदाई

उदयपुर, 19 अक्टूबर। दस दिवसीय रामलीला के उल्लासपूर्ण समापनोपरांत श्रीराम लीला समिति के तत्वावधान में मंगलवार को सेक्टर-14 स्थित कल्लाजी चौराहे पर भव्य रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। पावन पर्व पर होने वाले इस गरिमापूर्ण आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

समिति अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने बताया कि विजयदशमी के अवसर पर सायंकाल 6 बजे रावण दहन का मुख्य कार्यक्रम आरंभ होगा। इस अवसर पर पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व आईपीएस व पूर्व कुलपति टी.सी. डामोर, उद्योगपति एस.के. खेतान और परसराम सूयल शिरकत करेंगे। सोमवार को आयोजन स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया।

इससे पूर्व, श्रीराम लीला समिति ने पुष्टिमार्गीय श्रीकृष्ण लीला संस्थान वृंदावन से आए 40 कलाकारों को सोमवार सुबह पारंपरिक मेवाड़ी आदर-सत्कार के साथ भावभीनी विदाई दी। पिछले 9 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के पावन चरित्र का सजीव मंचन करने वाले मंडली के वरिष्ठ सदस्य वेदप्रकाश भारद्वाज, सीताराम भारद्वाज, घनश्याम शर्मा सहित सभी कलाकारों का अभिनंदन किया गया।

इस दौरान समिति अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी, महासचिव भंवर लाल शर्मा, संयोजक डॉ. विजय विप्लवी, समन्वयक अशोक बाबेल, हरीश मारवाड़ा, प्रवक्ता कौशल मूंदड़ा, कमल कुमावत, चेतन माली, धरणीधर तिवारी, जगन्नाथ शर्मा, निर्मल चौबीसा, रोहित चौबीसा, दीपक डांगी, एडवोकेट दिनेश गुप्ता आदि समिति सदस्य उपस्थित रहे।

आयोजन संयोजक डॉ. विजय प्रकाश विप्लवी ने बताया कि उदयपुर से रवाना होने वाला यह दल नाथद्वारा पहुंचकर प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन करने के पश्चात वृंदावन के लिए प्रस्थान करेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!