यूपीएल-3 में हल्दीघाटी योद्धाज, बागोर रॉयल्स और लेक टाइटंस का जलवा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मालय शर्मा की घातक गेंदबाजी, अरशद की शानदार बल्लेबाजी और संजनपाल की तूफानी पारी ने दिलाई टीमों को जीत
उदयपुर। उदयपुर प्रीमियर लीग (यूपीएल) सीजन-3 में खेले गए मुकाबलों में हल्दीघाटी योद्धाज, बागोर रॉयल्स और लेक टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन कर क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित किया।
पहले मुकाबले में हल्दीघाटी योद्धाज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। आयुष राय ने 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरावली एवेंजर्स की टीम हल्दीघाटी योद्धाज की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और महज 90 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह हल्दीघाटी योद्धाज ने 44 रन से शानदार जीत हासिल की। गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में तीन विकेट लेने वाले मालय शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में बागोर रॉयल्स ने अरशद की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 155 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फतेह फाल्कंस की टीम ने संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 143 रन पर सिमट गई। बागोर रॉयल्स ने रोमांचक मुकाबले में 12 रन से जीत दर्ज की। शानदार बल्लेबाजी करने वाले अरशद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सुबह खेले गए मुकाबले में लेक टाइटंस ने हल्दीघाटी योद्धाज को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी हल्दीघाटी योद्धाज की टीम महज 81 रन पर ऑलआउट हो गई। लेक टाइटंस की ओर से मुग्मफदल ने तीन और टीपू शेख ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लेक टाइटंस ने संजनपाल की 72 रनों की तूफानी पारी की बदौलत बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया और 10 विकेट से शानदार जीत अपने नाम की।
आयोजन सचिव अनिरुद्ध सांखला ने बताया कि प्रतियोगिता के मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने को मिल रही है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में यूडीसीए के वाइस प्रेसिडेंट मनोज भटनागर उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!