गणगौर वारियर्स, चेतक स्पार्टन्स और मेवाड़ लीजेंड्स ने दर्ज की शानदार जीत
उदयपुर। उदयपुर प्रीमियर लीग (यूपीएल) सीजन-3 में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। शिकारबाड़ी मैदान पर टी-20 की तर्ज पर खेले जा रहे टूर्नामेंट में गणगौर वारियर्स, चेतक स्पार्टन्स और मेवाड़ लीजेंड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। प्रतियोगिता के इस सीजन का पहला शतक मेवाड़ लीजेंड्स के बल्लेबाज प्रतीक परिहार ने जड़ा। उनकी शानदार पारी की बदौलत टीम ने पैलेस नाइट्स को चार विकेट से पराजित किया।
पहले मुकाबले में गणगौर वारियर्स ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। टीम की ओर से नरेंद्र चौनल ने 44 और विनोद पालीवाल ने 37 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बागोर रॉयल्स की टीम 18 ओवर में 126 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह गणगौर वारियर्स ने 46 रन से शानदार जीत दर्ज की। गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विनोद पालीवाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 31 गेंदों में 37 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए।
दूसरे मुकाबले में चेतक स्पार्टन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133 रन बनाए और पूरी टीम आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लेक टाइटन्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना सकी। इस तरह चेतक स्पार्टन्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में दो रन से जीत हासिल की।
चेतक स्पार्टन्स के रौनक जैन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 29 गेंदों में 38 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
एक अन्य मुकाबले में मेवाड़ लीजेंड्स और पैलेस नाइट्स के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए पैलेस नाइट्स ने निर्धारित ओवरों में 171 रन बनाए। टीम की ओर से शुभ घटानी ने 82 रन की शानदार पारी खेली।
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेवाड़ लीजेंड्स की टीम ने प्रतीक परिहार के शानदार शतक की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया और चार विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। प्रतीक परिहार का शतक यूपीएल सीजन-3 का पहला शतक रहा।
आयोजन सचिव अनिरुद्ध सांखला ने बताया कि टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का रोमांच लगातार बढ़ रहा है। इस अवसर पर टेराटन बायो के प्रियांश कोठारी और प्रक्षाल बापना अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उदयपुर प्रीमियर लीग-3 में प्रतीक परिहार ने जड़ा सीजन का पहला शतक
