पंचायतीराज चुनाव-2026
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने जारी किए विस्तृतआदेश
अंतिम प्रशिक्षण से लेकर चुनाव सामग्री वितरण, संग्रहण और सुरक्षित भंडारण तक की जिम्मेदारियां तय
उदयपुर, 16 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत उदयपुर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) गौरव अग्रवाल ने मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री वितरण, मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी तथा मतदान के बाद चुनाव सामग्री के सुरक्षित संग्रहण को लेकर विस्तृत आदेश जारी किए हैं। इसके तहत संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदान दलों की रवानगी का कार्यक्रम जारी
उदयपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। प्रथम चरण के लिए मतदान दलों की रवानगी 21 अक्टूबर, द्वितीय चरण के लिए 27 अक्टूबर तथा तृतीय चरण के लिए 2 नवंबर 2026 को निर्धारित की गई है। प्रथम चरण में झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर, गिर्वा, ओगणा, भीण्डर, मावली, बड़गांव एवं धरियावद पंचायत समितियों के लिए मतदान दल रवाना होंगे। द्वितीय चरण में सायरा, कोटड़ा, सुलाव, गोगुन्दा, बड़गांव एवं देवला तथा तृतीय चरण में नयागांव, ऋषभदेव, खेरवाड़ा एवं झल्लारा पंचायत समितियों के लिए मतदान दलों की रवानगी का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
सुबह 8 बजे से होगा अंतिम प्रशिक्षण
आदेश के अनुसार मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण निर्धारित रवानगी दिवस पर सुबह 8 बजे से आयोजित होगा। प्रशिक्षण के लिए राजस्थान कृषि महाविद्यालय, उदयपुर तथा पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदयपुर में व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशिक्षण स्थलों पर संबंधित प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को मतदान दलों की उपस्थिति, प्रशिक्षण, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन सामग्री वितरण के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया एवं उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में अनुपस्थिति पर होगी सख्त कार्यवाही
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अग्रवाल ने निर्वाचन ड्यूटी में नियोजित कार्मिकों की अंतिम प्रशिक्षण में उपस्थित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वालों कार्मिकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
चुनाव सामग्री वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर
मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण एवं रवानगी स्थलों पर पंचायत समिति वार अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इन काउंटरों पर ईवीएम, निर्वाचन सामग्री, स्टेशनरी तथा अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा। प्रत्येक मतदान दल को निर्धारित काउंटर से सामग्री प्राप्त करने तथा उसकी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। सामग्री वितरण के दौरान संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी मतदान दल को आवश्यक सामग्री के अभाव में परेशानी नहीं हो।
मतदान दलों की रवानगी के लिए वाहन व्यवस्था
मतदान दलों को निर्धारित मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को आवंटित वाहनों से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। वाहन प्रकोष्ठ को मतदान दलों के लिए आवश्यक वाहन उपलब्ध कराने तथा पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सामग्री संग्रहण की विशेष व्यवस्था
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान संपन्न होने के बाद निर्वाचन सामग्री के संग्रहण के लिए भी विस्तृत व्यवस्था निर्धारित की है। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के बाद संबंधित मतदान दल निर्धारित संग्रहण स्थलों पर पहुंचकर ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री जमा कराएंगे।संग्रहण केंद्रों पर ईवीएम, सील्ड निर्वाचन सामग्री तथा अन्य दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। सामग्री प्राप्त करने वाले अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच एवं सत्यापन कर सामग्री सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा पर विशेष जोर
जारी आदेश में निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। मतदान के बाद प्राप्त ईवीएम एवं अन्य महत्वपूर्ण सामग्री को निर्धारित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।संग्रहण स्थलों पर सामग्री प्राप्ति, सत्यापन, रिकॉर्ड संधारण तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बिजली, पानी, चिकित्सा और संचार व्यवस्थाओं के निर्देश
मतदान दलों के प्रशिक्षण, रवानगी एवं वापसी के दौरान आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को प्रशिक्षण एवं संग्रहण स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।चिकित्सा विभाग को आवश्यक चिकित्सा दल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी अधिकारी समन्वय से करें कार्य
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने निर्देश दिए हैं कि मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतदान के बाद निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित संग्रहण तक सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय एवं प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न की जाएं। सभी प्रभारी अधिकारी अपने अधीनस्थ कार्मिकों के साथ समन्वय स्थापित कर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाएं। प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गएहैं।
