पुष्पवृष्टि और पद प्रक्षालन कर श्रद्धालुओं ने किया अभिनंदन, 17 से 22 अक्टूबर तक महावीर भवन में रहेगा मंगल प्रवास
उदयपुर। सेक्टर-14 में मुनि 108 श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। मुनि संघ के आगमन पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत द्वार सजाकर पुष्पवृष्टि के साथ उनका अभिनंदन किया। प्रवेश मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर साधर्मी परिवारों ने मुनि श्री के पद प्रक्षालन कर श्रद्धा एवं भक्ति प्रकट की। इस दौरान पूरा वातावरण जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
ट्रस्ट महामंत्री भूरीलाल जैन ने बताया कि मुनि संघ के मंगल प्रवेश के पावन अवसर पर स्वामी वात्सल्य का पुण्यार्जन श्री झमकलाल देवड़ा परिवार को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
ट्रस्ट अध्यक्ष भंवरलाल मुंडलिया ने बाहर से पधारे सभी साधर्मी बंधुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ का मंगल प्रवास 17 से 22 अक्टूबर 2026 तक महावीर भवन में रहेगा। प्रवास के दौरान मुनि श्री के सानिध्य में धार्मिक विधान का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु धर्म आराधना कर पुण्यार्जन करेंगे।
मंगल प्रवेश शोभायात्रा के सफल संचालन में श्री महावीर जैन युवा परिषद एवं त्रिशला महिला मंडल का सराहनीय सहयोग रहा। आयोजन ने समाज में धार्मिक उत्साह, भक्ति और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।
