रोटरी बजाज भवन में नवरात्रि महोत्सव की धूम, पहले दिन 600 से अधिक लोगों ने किया गरबा-डांडिया

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने जमाया रंग, 45 लोगों को मिला पुरस्कार; 17 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन
उदयपुर। रानी रोड स्थित रोटरी बजाज भवन में रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव-2026 का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। पहले दिन 600 से अधिक महिला-पुरुष पारंपरिक परिधानों में कार्यक्रम में शामिल हुए और गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। गुजराती, हिंदी और फिल्मी गीतों की धुनों पर थिरकते प्रतिभागियों ने नवरात्रि के उत्सव को खास बना दिया।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन श्रीचन्द खतुरिया ने बताया कि पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ गरबा और डांडिया किया। संगीत की लय पर कदम मिलाते महिला-पुरुषों ने अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 45 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ा।
कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन डी.पी. धाकड़ ने बताया कि यह आयोजन 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 से रात 10 बजे तक चलेगा। महोत्सव के मुख्य प्रायोजक पेसिफिक यूनिवर्सिटी एवं पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल हैं। तीन दिनों में विभिन्न श्रेणियों के तहत कुल 200 आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
सचिव रोटेरियन दुष्यन्त सोमानी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। आगंतुकों के लिए चाय, नाश्ते और पेयजल की भी निःशुल्क व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने शहरवासियों से सपरिवार शामिल होकर नवरात्रि के उल्लास का आनंद लेने की अपील की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!