वन्यजीव प्रश्नोत्तरी में ब्लॉसम और टॉयलैंड इंटरैक्ट क्लब के विद्यार्थियों ने हासिल किए शीर्ष स्थान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

तरण सिंह दहियों प्रथम और सक्षम नागदा तृतीय स्थान पर रहे, 500 विद्यार्थियों ने लिया प्रतियोगिता में भाग
रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा द्वारा वन्यजीव प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

उदयपुर, 16 अक्टूबर। वन्यजीवों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित वन्यजीव प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा द्वारा प्रायोजित ब्लॉसम इंटरैक्ट क्लब एवं इंटरैक्ट क्लब ऑफ टॉयलैंड के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा की अध्यक्ष रोटेरियन कुकू लखारी ने बताया कि 72वें वन्यजीव सप्ताह समारोह के अंतर्गत गुलाब बाग में आयोजित प्रतियोगिता में ब्लॉसम इंटरैक्ट क्लब के तरण सिंह दहियों ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि इंटरैक्ट क्लब ऑफ टॉयलैंड के सक्षम नागदा तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में करीब 500 विद्यार्थियों ने भाग लेकर वन्यजीवों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन वन विभाग के वन्यजीव प्रभाग, उदयपुर की ओर से डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया के उदयपुर प्रभाग एवं ग्रीन पीपल सोसाइटी के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ प्राकृतिक संसाधनों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने और प्रकृति के संरक्षण में अपनी भूमिका समझने का अवसर मिला।
– विद्यार्थियों की उपलब्धि पर क्लब ने जताई खुशी
रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा की अध्यक्ष रोटेरियन कुकू लखारी ने दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं, रैलियों और सामुदायिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है। ऐसी गतिविधियों से बच्चों के ज्ञान का विस्तार होने के साथ उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनकी क्षमताओं को सामने लाने के लिए इस प्रकार की गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यार्थियों की उपलब्धियां भविष्य में उन्हें और अधिक सीखने तथा नए अवसरों में भाग लेने के लिए प्रेरित करती हैं।
क्लब सचिव रोटेरियन एडवोकेट स्नेहा के. शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्लब की सदस्य रोटेरियन डॉ. प्रीति सोगानी, रोटेरियन मधु सरीन, रोटेरियन राजकुमारी गांधी, रोटेरियन मीरा मजूमदार, रोटेरियन अलका कोठारी एवं रोटेरियन उर्मिला जैन ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों की जिज्ञासा एवं सीखने के उत्साह को सराहनीय बताया।
– पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
तरण सिंह दहियों और सक्षम नागदा की उपलब्धि विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं पर्यावरण संबंधी गतिविधियों से जोडऩे के महत्व को दर्शाती है। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा अपने इंटरैक्ट क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों में ज्ञान, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसी सार्थक गतिविधियों के अवसर उपलब्ध कराना है, जिनसे उनका व्यक्तित्व विकास हो और वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकें। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सफलता से क्लब सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!