जिला परिषद की 47 सीटों पर 126 और प्रथम चरण की 10 पंचायत समितियों में 435 उम्मीदवार मैदान में

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पंचायतीराज चुनाव 2026
नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट
उदयपुर, 15 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद सदस्य तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण के मतदान को लेकर गुरूवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद स्थितियां स्पष्ट हो गई हैं। जिला परिषद के 47 वार्डों के लिए अब 126 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों में 435 उम्मीदवार पंचायत समिति सदस्य की दौड़ में हैं। प्रथम चरण का मतदान 22 अक्टूबर को होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि उदयपुर जिला परिषद के कुल 47 वार्डों (निर्वाचन क्षेत्रों) के लिए कुल 161 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से 158 उम्मीदवार थे। जांच के दौरान 27 नामांकन निरस्त किए गए और 2 नामांकन डिस्कॉर्ड (अमान्य) हुए। इसके बाद 132 वैध उम्मीदवार बचे, जिनमें से 6 उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के बाद अब 126 अंतिम प्रत्याशी चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं।

पंचायत समिति सदस्य के लिए 36 ने वापस लिए नाम
प्रथम चरण की 10 पंचायत समितियों के कुल 160 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 579 नामांकन (562 उम्मीदवार) प्राप्त हुए थे। जांच में 101 नामांकन खारिज और 6 डिस्कॉर्ड होने के बाद गुरूवार को कुल 36 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। इसके बाद अब कुल 435 अंतिम उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। इसमें पंचायत समिति झाड़ोल के 15 वार्डों के लिए 44 प्रत्याशी, भींडर के 19 वार्डों के लिए 59, घासा के 17 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 39, गिर्वा के 15 वार्डों के लिए 43, कुराबड में 15 वार्डों के लिए 32, मावली के 17 वार्डों के लिए 41, नाई के 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 46, ओगणा के 15 वार्डों के लिए 39, फलासिया के 15 वार्डों के लिए 49 तथा वल्लभनगर में 17 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 43 प्रत्याशी अंतिम रूप में चुनाव मैदान में हैं।

द्वितीय चरण: तीसरे दिन 139 नामांकन
पंचायतीराज चुनाव के द्वितीय चरण के तहत आने वाली 6 पंचायत समितियों बड़गांव, देवला, गोगुंदा, कोटड़ा, सायरा और सुलाव के लिए गुरूवार को नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन 138 प्रत्याशियों ने 139 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसमें बड़गांव में 32, देवला में 26, गोगुन्दा में 33, कोटडा में 31, सायरा में 23 तथा सुलाव में 14 नामांकन जमा हुआ। इस प्रकार 6 पंचायत समितियों के कुल 96 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए गुरूवार तक कुल 159 नामांकन पत्र (158 उम्मीदवार) दाखिल किए जा चुके हैं। इन समितियों में नामांकन के लिए अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित हैै।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!