रोटरी पन्नाधाय के डांडिया उत्सव में 200 से अधिक छात्राओं ने बिखेरी संस्कृति की छटा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पारंपरिक वेशभूषा और गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं हुईं पुरस्कृत
उदयपुर। नवरात्रि के पावन पर्व पर रोटरी क्लब उदयपुर पन्नाधाय की ओर से मीरा कन्या महाविद्यालय के छात्रावास में डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में 200 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी छात्राओं ने गरबा और डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे परिसर को उत्सवी रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना तथा उनके जीवन में उमंग, उल्लास और खुशियों का संचार करना था। छात्राओं ने सामूहिक रूप से गरबा और डांडिया खेलकर आपसी सौहार्द एवं एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी छात्राओं के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुति देने वाली तथा पारंपरिक वेशभूषा में विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में रोटरी के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन निर्मल सिंघवी, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रोटेरियन दीपक सुखाड़िया, सहायक प्रांतपाल रोटेरियन गजेंद्र जोधावत, क्लब अध्यक्ष सीए आर.के. अग्रवाल, क्लब संरक्षक भानुप्रताप धाबाई, क्लब सचिव अनिका भसीन, उपाध्यक्ष पूनम अग्रवाल, रोटेरियन तारिका भानुप्रताप धाबाई एवं रोटेरियन राजेश शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं क्लब सदस्यों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम का मंच संचालन मीरा कन्या महाविद्यालय की वैलनेस क्लब प्रभारी डॉ स्नेहा बाबेल,
डॉक्टर नूतन कटारा व डॉ वीणा गुरनानी ने किया। अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अंजना गौतम ने की। उत्सव ने छात्राओं में सांस्कृतिक सहभागिता, आपसी सौहार्द और सामूहिक आनंद की भावना को प्रोत्साहित किया।
रोटरी क्लब उदयपुर पन्नाधाय ने अपने सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में खुशियां बांटने और छात्राओं को सकारात्मक एवं आनंदमय वातावरण प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। क्लब ने ‘सेवा स्वयं से पहले’ के मूल मंत्र के साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!