उदयपुर, 3 अक्टूबर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से महावीर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन, कीरकी चौकी, भिंडर रोड पर जनजागृति रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को नशीले पदार्थों एवं तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान निदेशक डॉ. आशीष वया, महावीर जैन विद्यालय संस्थान की प्राचार्या डॉ. ज्योतिबाला कूदाल, महावीर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. निर्मला पुरोहित, कार्यालय अध्यक्ष अशोक जैन, सांस्कृतिक एवं कार्यक्रम प्रभारी नीलम मोदी सहित व्याख्याताओं एवं स्टाफ की उपस्थिति में हुआ।
इसके बाद विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने कीरकी चौकी क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां और जुबां पर नशामुक्ति के नारे लिए विद्यार्थियों ने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। ‘नशा छोड़ो, जीवन संवारो’ और ‘नशामुक्त समाज, स्वस्थ समाज’ जैसे नारों ने क्षेत्र में जागरूकता का संदेश पहुंचाया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गहरा असर पड़ता है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
महावीर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन की इस पहल ने युवाओं को ‘नशे को ना, स्वस्थ जीवन को हां’ का संदेश देते हुए समाज में जागरूकता की मजबूत पहल की।
नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरे विद्यार्थी: महावीर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन ने निकाली जनजागृति रैली
