प्रतापगढ़, 3 अक्टूबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में संचालित आदर्श जिला नशा मुक्ति केंद्र की ओर से गादोला, पानमोडी एवं सेमलोपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। केंद्र की टीम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा भ्रामक विज्ञापनों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही मोबाइल एवं स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार एवं गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं नशा मुक्ति केंद्र की टीम उपस्थित रही।
