सेवा कार्यों को मिलेगी नई गति, रोटरी क्लब उदयपुर ने प्रस्तावित किया 47 लाख का बजट

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

चिकित्सा शिविर, अंतरराष्ट्रीय सेवा परियोजनाओं सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों पर होगा बजट का उपयोग
उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर की ओर से वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित विभिन्न सेवा गतिविधियों को लेकर रोटरी बजाज भवन में बजट बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्लब द्वारा वर्षभर किए जाने वाले विभिन्न सेवा कार्यों के लिए लगभग 47 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया। बैठक में क्लब के विभिन्न निदेशकों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित सेवा गतिविधियों के लिए बजट प्रस्तुत किया।
क्लब अध्यक्ष श्रीचंद खथुरिया ने बताया कि रोटरी क्लब उदयपुर हमेशा से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहा है। आगामी वर्ष में भी चिकित्सा, सामाजिक, व्यावसायिक एवं अंतरराष्ट्रीय सेवा से जुड़े अनेक प्रकल्प संचालित किए जाएंगे। इन सेवा कार्यों को प्रभावी रूप से पूरा करने के लिए विभागवार बजट तैयार किया गया है।
सामुदायिक सेवा निदेशक डॉ. अजय मुर्डिया ने विभिन्न चिकित्सा शिविरों एवं अन्य सेवा आयोजनों के लिए 11 लाख रुपये का बजट प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सेवाएं एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं अंतरराष्ट्रीय सेवा निदेशक अनिल छाजेड़ ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सेवा परियोजनाओं के लिए 14 लाख 16 हजार रुपये का बजट प्रस्तावित किया। व्यावसायिक सेवा निदेशक पी.एस. तलेसरा ने अपने विभाग की गतिविधियों के लिए 6 लाख रुपये, जबकि सतीश जैन ने सवा लाख रुपये का बजट प्रस्तुत किया।
बैठक में सेवा परियोजनाओं की प्राथमिकताओं, आगामी कार्यक्रमों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा की गई। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि बजट का उद्देश्य केवल सेवा गतिविधियों का संचालन करना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद वर्ग तक योजनाबद्ध एवं प्रभावी तरीके से सहायता पहुंचाना भी है।
क्लब सचिव दुष्यंत सोमानी ने बताया कि बैठक में प्रस्तावित बजट को आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड की चर्चा एवं स्वीकृति के बाद वर्ष 2026-27 की विभिन्न सेवा गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में पूर्व प्रान्तपाल निर्मल सिंघवी,सुभाष सिंघवी  दीपक मेहता, हेमंत जैन, आर.के. जैन सहित रोटरी क्लब उदयपुर के अनेक सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!