उदयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 572 ठिकानों पर दबिश, 156 अपराधी गिरफ्तार, 180 पावर बाइक जब्त

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। जिले में पूर्ण रूप से शांति व सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उदयपुर पुलिस द्वारा अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक व्यापक सघन रेड व एरिया डोमिनेशन का महाअभियान चलाया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में एएसपी सिटी उमेश औझा, एएसपी मुख्यालय मुकुल शर्मा व एएसपी खेरवाडा रजत बिश्नोई के सुपरविजन में जिले के समस्त वृताधिकारियों व थानाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा एक साथ व पूरी मुस्तैदी के साथ अंजाम दी गई। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने रणनीतिक रूप से धरातल पर उतरकर संवेदनशील इलाकों में एरिया डोमिनेशन किया और सक्रिय व आदतन अपराधियों के ठिकानों पर अचानक दबिश दी। पुलिस द्वारा थानों पर लाकर इनसे कड़ी पूछताछ की गई। इस कार्रवाई के दौरान विगत तीन वर्षों में मादक पदार्थों की तस्करी और आमर्स एक्ट के मामलों में चालानशुदा अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों को खंगाला गया। अवैध हथियार रखने, तस्करी करने व हवाई फायरिंग के मामलों में पूर्व में चालानशुदा अपराधियों की सघन चेकिंग की गई। जिले के टॉप व आदतन बदमाशों के ठिकानों पर अचानक रेड कर उनकी वर्तमान स्थिति की जांच की गई। मारपीट, जानलेवा हमला और अन्य शारीरिक अपराधों में लिप्त रहे बदमाशों की जांच कर कार्रवाई की गई। संदिग्ध, बिना नंबर और वैध दस्तावेजों के संचालित होने वाले अवैध वाहनों की धरपकड़ की गई। 40 स्थाई वारंटी एवं 15 गिरफ्तारी वारंट का निस्तारण करने के साथ ही कुल 180 पावर बाइक जब्त की गई। दो हार्डकोर एवं 82 हिस्ट्रीशीटरों के घर दबिश देकर पूछताछ की गई एवं सम्पत्ति संबंधी जानकारी जुटाई गई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक सक्रियता, अवैध मादक पदार्थों व हथियारों का संग्रहण, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों, तस्करों और उन्हें शह देने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!