15 सितम्बर को अशोका ग्रीन में आयोजित होगा सम्मान समारोह
उदयपुर। हलवाई व्यापार कल्याण संस्था, उदयपुर राजस्थान (रजिस्टर्ड) की ओर से 15 सितम्बर को शाम 5 बजे से 100 फीट रोड स्थित अशोका ग्रीन में हलवाई व्यापार से जुड़े हलवाइयों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी को लेकर संस्था के सदस्यों ने गुरुवार को संस्थापक अध्यक्ष हरीश कुमार भट्ट के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी से कोटड़ा स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
संस्थापक अध्यक्ष हरीश कुमार भट्ट ने बताया कि संस्था के सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी को सम्मान समारोह में पधारने के लिए निमंत्रित किया, जिसे कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में आने की सहमति प्रदान की।
महासचिव मुकेश माधवानी ने बताया कि सम्मान समारोह में उन हलवाइयों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने हलवाई पेशे से जुड़े कार्य को बेहतर और उत्कृष्ट तरीके से करते हुए न सिर्फ व्यापार, बल्कि स्वाद और सेवा के क्षेत्र में शहर में नई मिसाल पेश की है। साथ ही, राजस्थान सहित देशभर में हलवाई व्यापार को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं और ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान तक अपनी पहुंच बनाई है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब 500 से अधिक हलवाई व्यापारी शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष हरीश कुमार भट्ट, रमेश औदीच्य, प्रकाश भट्ट, दुर्गाशंकर सुथार, दिनेश सुथार और फतेहलाल भाट आदि उपस्थित थे।
