कलेक्ट्री में सुबह से अपराह्न तक रही चुनावी गर्मी, प्रत्याशियों ने पेश किए नामांकन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। नगर निगम चुनावों की गहमागहमी के बीच सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन जिला कलेक्ट्री में  सुबह से अपराह्न तीन बजे तक चुनावी गर्मी रही। इस दौरान प्रमुख राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस पार्टी, भारतीय आदिवासी पाटी, माकपा प्रत्याशियों के अलावा प्रमुख पार्टियों के बागियों और निर्दलीयों ने अपने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किए। दिनभर कलेक्ट्री में गहमागहमी रहीं। नामांकन प्रक्रिया के बीच इस बार चुनाव में अपना भाग्य आजमाने के लिए एक थर्ड जेंडर ने भी नामांकन पेश किया। नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा अधिकृत घोषित किए गए प्रत्याश्यिों ने कलेक्ट्री पहुंचकर अपने अपने नामांकन पेश किए। उधर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोमवार सुबह तक अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी नहीं की गई। पार्टी द्वारा फोन पर सूचना मिलने पर नेता नामांकन दाखिल करने पहुंचे। नामांकन दाखिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी की गई। भाजपा ने ऐसा करके सेफ गेम खेलने की कोशिश की है। वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि इससे बगावत की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। नामांकन प्रक्रिया के बीच बीएपी और माकपा से अधिकृत प्रत्याशियों ने भी नामांकन दाखिल किए। इसके चलते सुबह से ही राजनीतिक कार्यकर्ताओं की कलेक्ट्री के अंदर और बाहर आसपास काफी चहलकदमी रही। भाजपा के प्रत्याशी नगर निगम प्रांगण में एकत्रित हुए और वहां से जुलूस के रूप से निकले और कलेक्ट्री पहुंच नामांकन पेश किए। इस बीच थर्ड जेंडर ने भी नामांकन पेश किया। वार्ड 60 से किन्नर मीरा राठौड ने अपना नामांकन दाखिल किया। उसके साथ अपने समर्थक थे। संभवतया यह पहला मौका है जब उदयपुर में नगर निगम चुनाव में किसी किन्नर ने नामांकन दाखिल किया है।
नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर उदयपुर जिले के नगरीय निकायों में मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले के छह नगरीय निकायों में कुल 190 वार्ड और 523  मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन सभी नगरीय निकायों में कुल 4,73,690 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 2,38,142 पुरुष, 2,35,529 महिला और 19 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि उदयपुर नगर निगम में कुल 80 वार्ड हैं। यहां 413 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 406 नियमित तथा 7 ऑक्सिलरी शामिल हैं। नगर निगम क्षेत्र में कुल 4,16,143 मतदाता हैं। इनमें 2,09,048 पुरुष, 2,07,081 महिला और 14 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
इसी प्रकार मावली में 20 वार्डों में कुल 20 मतदान केंद्र स्थापित होंगे। इसमें 8198 मतदाता वोटिंग करेंगे। इनमें 4,132 पुरूष, 4,063 महिलाएं तथा 3 ट्रांसजेण्डर मतदाता शामिल हैं। वल्लभनगर में 20 वार्डों में 20 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। कुल 8314 मतदाता हैं, जिसमें 4222 पुरूष एवं 4092 महिलाएं शामिल हैं। भीण्डर में 25 वार्डों में 25 मतदान केंद्र रहेंगे। कुल मतदाता 13916 हैं, इनमें 7092 पुरूष, 6822 महिलाएं तथा 2 ट्रांसजेण्डर मतदाता शामिल हैं। फतहनगर-सनवाड़ में 25 वार्डों में 25 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। इसमें कुल 17724 मतदाता वोटिंग करेंगे। इसमें पुरूषों की संख्या 8891 एवं महिलाओं की संख्या 8833 है। कानोड़ के 20 वार्डों में कुल 20 मतदान केंद्रों पर 9395 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पुरूषों की संख्या 4757 एवं महिलाओं की संख्या 4638 है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!