छह नगरीय निकायों में 190 वार्ड, 523 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
नगर निगम में सर्वाधिक 4.16 लाख मतदाता
उदयपुर, 31 अगस्त। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर उदयपुर जिले के नगरीय निकायों में मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले के छह नगरीय निकायों में कुल 190 वार्ड और 523 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन सभी नगरीय निकायों में कुल 4,73,690 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 2,38,142 पुरुष, 2,35,529 महिला और 19 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
नगर निगम उदयपुर में सबसे अधिक मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि उदयपुर नगर निगम में कुल 80 वार्ड हैं। यहां 413 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 406 नियमित तथा 7 ऑक्सिलरी शामिल हैं। नगर निगम क्षेत्र में कुल 4,16,143 मतदाता हैं। इनमें 2,09,048 पुरुष, 2,07,081 महिला और 14 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
इसी प्रकार मावली में 20 वार्डों में कुल 20 मतदान केंद्र स्थापित होंगे। इसमें 8198 मतदाता वोटिंग करेंगे। इनमें 4,132 पुरूष, 4,063 महिलाएं तथा 3 ट्रांसजेण्डर मतदाता शामिल हैं। वल्लभनगर में 20 वार्डों में 20 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। कुल 8314 मतदाता हैं, जिसमें 4222 पुरूष एवं 4092 महिलाएं शामिल हैं। भीण्डर में 25 वार्डों में 25 मतदान केंद्र रहेंगे। कुल मतदाता 13916 हैं, इनमें 7092 पुरूष, 6822 महिलाएं तथा 2 ट्रांसजेण्डर मतदाता शामिल हैं। फतहनगर-सनवाड़ में 25 वार्डों में 25 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। इसमें कुल 17724 मतदाता वोटिंग करेंगे। इसमें पुरूषों की संख्या 8891 एवं महिलाओं की संख्या 8833 है। कानोड़ के 20 वार्डों में कुल 20 मतदान केंद्रों पर 9395 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पुरूषों की संख्या 4757 एवं महिलाओं की संख्या 4638 है।
