शिक्षा, पर्यावरण और समाजसेवा को मिलेगी नई रफ्तार, यूनाइटेड उदयपुर राउंड टेबल 234 की नई टीम ने संभाली कमान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 3 अगस्त। यूनाइटेड उदयपुर राउंड टेबल 234 की वार्षिक आम सभा (एजीएम) में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। नई टीम ने समाजसेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए जनहित के कार्यों को नई गति देने का संकल्प लिया।
नई कार्यकारिणी में राजेन्द्र मेनारिया को चेयरमैन, प्रतीक खुराना को वाइस चेयरमैन, दिक्षांत मेहता को सेक्रेटरी, कुशाग्र मेहता को कोषाध्यक्ष तथा अचल अग्रवाल को इमीडिएट पास्ट चेयरमैन (आईपीसी) की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित चेयरमैन राजेन्द्र मेनारिया ने कहा कि संस्था इस वर्ष सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देगी। विशेष रूप से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा तथा सरकारी विद्यालयों के आधारभूत ढांचे के विकास के लिए विभिन्न सेवा परियोजनाएं संचालित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
वाइस चेयरमैन प्रतीक खुराना ने कहा कि संस्था टीम भावना और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ समाजहित के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। वहीं सेक्रेटरी दिक्षांत मेहता ने कहा कि प्रत्येक सेवा परियोजना को सुनियोजित और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाएगा, जिससे उसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
कोषाध्यक्ष कुशाग्र मेहता ने संस्था की वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इमीडिएट पास्ट चेयरमैन अचल अग्रवाल ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम सेवा और समर्पण की भावना के साथ शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगी तथा सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत मिसाल स्थापित करेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!