– 17 अगस्त को निकलेगी 21वीं विशाल कावड़ यात्रा
उदयपुर, 17 जुलाई। शिव महोत्सव समिति की ओर से आगामी 17 अगस्त को श्रावण मास की नाग पंचमी के अवसर पर गंगा के चौथे पाये गंगु कुंड से उभयेश्वर महादेव तक आयोजित होने वाली 21वीं विशाल कावड़ यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में शुक्रवार को गंगु कुंड परिसर में समिति अध्यक्ष यज्ञ नारायण शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा को अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 21 किलोमीटर लंबी कावड़ यात्रा गंगु कुंड से प्रारंभ होकर उभयेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। पिछले वर्ष यात्रा में करीब 10 हजार कावड़ियों ने भाग लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया था। इस वर्ष समिति ने 11 हजार कावड़ियों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने बताया कि यात्रा में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समिति की ओर से सात दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में शहर के सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित आमजन को भी सहभागिता का अवसर मिलेगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने यात्रा के बेहतर प्रबंधन, अधिक जनसहभागिता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए।
समिति के प्रवक्ता कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि बैठक में पूर्व पार्षद मनोहर चौधरी, बजरंग सेना मेवाड के संस्थापक कमलेन्द्र सिंह पंवार, महेश भावसार, मनोहर लाल, पुष्करलाल दवे, चन्द्र प्रकाश, सुधीर दत्त व्यास, हरिनारायण पुरोहित, शेखर रावल, गोपालकृष्ण रावल, अजय अग्रवाल, दिलीप त्रिपाठी, आनंदी लाल चितौड़ा, शिवशंकर नागदा, शिवशंकर पालीवाल, रमेश चन्द्र चितौडा, सुरेश रावत, भरत कुमार मेघवाल, पुष्कर लाल दवे, भागीरथ सिंह जोधा, उंकार लाल शर्मा सहित अनेक सदस्यों ने कावड़ यात्रा को सफल बनाने और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
