हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के युवाओं के लिए सुनहरा अवसरः 25 अगस्त को मेगा जॉब फेयर, ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू से मिलेगा रोजगार का मौका

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन उद्योग में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजस्थान होटलियर क्लब (त्भ्ब्) एवं रॉयल राजस्थान शेफ सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 25 अगस्त 2026 को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग में श्जॉब फेयर 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में होटल, रिसॉर्ट, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और पर्यटन क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी तथा योग्य अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू लेकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
आयोजन समिति ने बताया कि जॉब फेयर में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े छात्र-छात्राएं, फ्रेशर्स और अनुभवी प्रोफेशनल्स भाग ले सकेंगे। मेले में प्रतिभागियों को देश-प्रदेश के प्रमुख होटल एवं पर्यटन संस्थानों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, करियर संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने का सुनहरा मौका मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपडेटेड बायोडाटा अवश्य लेकर आएं।
जॉब फेयर की तिथि एवं आयोजन स्थल की घोषणा के अवसर पर रॉयल राजस्थान शेफ सोसाइटी के अध्यक्ष शेफ विमल धर, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. डॉ. मीरा माथुर, राजस्थान होटलियर क्लब के संस्थापक रजनीकांत शर्मा, संस्थापक सदस्य नरेंद्र मेहता एवं सुरेंद्र सिंह राठौड़, क्लब के अध्यक्ष करण सिंह चंपावत तथा उपाध्यक्ष लाल सिंह झाला सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस जॉब फेयर का मुख्य उद्देश्य हॉस्पिटैलिटी उद्योग को योग्य, प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराना तथा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस रोजगार मेले में भाग लेकर अपने करियर को नई दिशा देने की अपील की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!