वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025
12 से 17 जुलाई तक विभिन्न विषयों के प्रश्नपत्र
उदयपुर, 11 जुलाई। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 के सफल संचालन के लिए उदयपुर जिले में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं परीक्षा समन्वयक दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि जिले में कुल 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 43 राजकीय एवं 56 निजी विद्यालय शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए 33 उप समन्वयक, 99 केंद्राधीक्षक तथा 155 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो अभिजागर तैनात रहेंगे तथा प्रत्येक कक्ष में 24 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा नियंत्रण कक्ष जिला कलक्टर कार्यालय, उदयपुर के कक्ष संख्या-126 में स्थापित किया गया है। श्री राठौड़ ने बताया कि परीक्षा का आयोजन 12 जुलाई से 17 जुलाई, 2026 तक कियाजाएगा। आरपीएससी की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 12 जुलाई (रविवार) को सुबह प्रातः 10ः00 से 12ः00 बजे तक सामान्य ज्ञान ग्रुप-ए (21,504 अभ्यर्थी, 77 केंद्र) तथा अपराह्न 3ः00 से 5ः30 बजे तक सामाजिक विज्ञान (21,504 अभ्यर्थी, 77 केंद्र) का प्रश्न पत्र होगा। इसी प्रकार 13 जुलाई (सोमवार)ः प्रातः 10ः00 से 12ः00 बजे तक सामान्य ज्ञान ग्रुप-बी (29,488 अभ्यर्थी, 94 केंद्र) तथा अपराह्न 3 से 5ः30 बजे तक हिंदी (29,488 अभ्यर्थी, 94 केंद्र) , 14 जुलाई (मंगलवार)ः प्रातः 10ः00 से 12ः00 बजे तक सामान्य ज्ञान ग्रुप-सी (29,376 अभ्यर्थी, 99 केंद्र) तथा अपराह्न 3 से 5ः30 बजे तक विज्ञान (19,488 अभ्यर्थी, 62 केंद्र, 15 जुलाई (बुधवार)ः प्रातः 10ः00 से 12ः30 बजे तक संस्कृत (9,912 अभ्यर्थी, 41 केंद्र), 16 जुलाई (गुरुवार)ः प्रातः 10ः00 से 12ः00 बजे तक सामान्य ज्ञान ग्रुप-डी (10,608 अभ्यर्थी, 43 केंद्र) तथा अपराह्न 3ः00 से 5ः30 बजे तक गणित (5,232 अभ्यर्थी, 19 केंद्र)तथा 17 जुलाई (शुक्रवार)ः प्रातः 10ः00 से 12ः30 बजे तक अंग्रेजी (5,160 अभ्यर्थी, 17 केंद्र) तथा अपराह्न 3ः00 से 5ः30 बजे तक उर्दू (216 अभ्यर्थी, 1 केंद्र) की परीक्षा आयोजित होगी।
एडीएम श्री राठौड़ ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर आयोग के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
