उदयपुर, 1 जुलाई। रोटरी क्लब उदय ने रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता के अनूठे संदेश के साथ की। क्लब ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नगर निगम के सफाई कर्मियों एवं कचरा वाहन चालकों का सम्मान कर उन्हें समाज के वास्तविक नायक बताया।
क्लब अध्यक्ष साक्षी डोडेजा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में करीब 30 स्वच्छता कर्मियों का उपरना पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया तथा उन्हें फूड पैकेट वितरित किए गए। सम्मान पाकर स्वच्छता कर्मियों के चेहरे पर खुशी और आत्मसम्मान की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर अध्यक्ष साक्षी डोडेजा ने कहा कि स्वच्छता कर्मी प्रतिदिन सुबह से ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर शहर को साफ-सुथरा और स्वस्थ रखने में अहम योगदान देते हैं। वे बिना किसी विशेष पहचान या अपेक्षा के निरंतर सेवा करते हैं, इसलिए वे समाज के सच्चे “अनसंग हीरोज़” हैं। उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब उदय सेवा और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में भी समाज के ऐसे गुमनाम नायकों के सम्मान तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों को निरंतर संचालित करता रहेगा।
कार्यक्रम में क्लब सचिव अनिकेत शर्मा, एजी राजेश चुघ, शालिनी भटनागर, ऋतु वैष्णव, नवदीप सिंह नैयर, अदिति राठौड़, डॉ. भारती शर्मा, अशोक वीरवाल, संयम सहलोट सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। रोटरी क्लब उदय का यह सम्मान समारोह समाज में स्वच्छता कर्मियों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संवेदनशीलता का प्रेरणादायी संदेश देने वाला रहा।
जो शहर को स्वच्छ रखते हैं, वही हैं असली हीरो-रोटरी क्लब उदय ने किया स्वच्छता सैनिकों का सम्मान
