एसोसिएशन ऑफ रिटायर्ड जजेज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश जे.के. रांका ने दिव्यांग सेवा का किया अवलोकन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर, 01 जुलाई । राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एवं एसोसिएशन ऑफ रिटायर्ड जजेज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.के. रांका ने नारायण सेवा संस्थान के बड़ी स्थित सेवा महातीर्थ परिसर का भ्रमण कर संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न सेवा एवं पुनर्वास प्रकल्पों का अवलोकन किया। इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए संस्थान की चार दशकों से अधिक समय से संचालित मानवीय सेवा यात्रा एवं विभिन्न जनकल्याणकारी प्रकल्पों की जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान रांका ने निःशुल्क दिव्यांगजन पुनर्वास, जटिल एवं सामान्य सर्जरी, कृत्रिम अंग एवं कैलीपर्स निर्माण, कौशल विकास प्रशिक्षण, शिक्षा, स्वरोजगार तथा सामाजिक पुनर्वास सहित विभिन्न सेवा प्रकल्पों का अवलोकन किया। उन्होंने सेवा महातीर्थ परिसर में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा नारायण सेवा संस्थान आकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। यहां एक ही छत के नीचे जरूरतमंदों के हित में अद्भुत एवं अनुकरणीय सेवा कार्य हो रहे हैं। यह संस्थान मानवता की सच्ची सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। यहां हो रहा कार्य वास्तव में नोबल सेवा है। ईश्वर संस्थान को निरंतर सेवा, प्रगति और जनकल्याण के इस अभियान को आगे बढ़ाने का आशीर्वाद प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सर्वोच्च धर्म है और नारायण सेवा संस्थान इसी भावना को समर्पण, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ साकार कर रहा है। ऐसे सेवा प्रकल्प पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!