कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह बोले— राष्ट्रसेवा, अनुशासन और नेतृत्व का सशक्त माध्यम है एनसीसी
उदयपुर, 21 जून 2026। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर एवं 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, उदयपुर के तत्वावधान में सीटीएई परिसर में 11 से 20 जून, 2026 तक आयोजित प्री वायु सैनिक कैंप-1, ड्रोन प्रशिक्षण शिविर एवं संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एमपीयूएटी के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. आर. एल. सोनी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपातकाल एवं आपदा की परिस्थितियों में एनसीसी कैडेट देश के लिए एक महत्वपूर्ण सहायक शक्ति के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने कैडेटों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सदैव सेवा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
डॉ. प्रताप सिंह ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने प्री वायु सैनिक कैंप एवं ड्रोन प्रशिक्षण शिविर जैसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों का ज्ञान युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है।
शिविर के दौरान कैडेटों को रेंज फायरिंग, स्कीट शूटिंग, ड्रिल, मार्चिंग, टेंट पिचिंग, मैप रीडिंग, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व कौशल, आपदा प्रबंधन, एयरो मॉडलिंग, विमान संचालन तथा ड्रोन तकनीक से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर, 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, उदयपुर विंग कमांडर नटराज डागुर ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए एमपीयूएटी प्रशासन, विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों, 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी स्टाफ, सभी केयर टेकर ऑफिसर्स (सीटीओ), एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) तथा एयर, आर्मी एवं नेवी विंग के सभी एनसीसी कैडेटों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी स्टाफ, सीटीओ, एएनओ एवं बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।
